IPL 2022 की नीलामी में इन 5 भारतीय दिग्गजों का बिकना है मुश्किल, करोड़ों में हैं बेस प्राइस

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के लिये बीसीसीआई ने मंगलवार को मेगा ऑक्शन में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें बोर्ड ने 1200 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन कराने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में से 590 प्लेयर्स को नीलामी का हिस्सा बनने का मौका दिया है। बेंगलुरू में 12-13 फरवरी को आयोजित किये जाने वाले इस मेगा ऑक्शन में खिलाड़ियों ने 2 करोड़, 1.5 करोड़, 1 करोड़, 75 लाख, 50 लाख, 40 लाख, 30 लाख और 20 लाख के बेस प्राइस में अपना नाम रजिस्टर कराया है। इसके तहत 48 खिलाड़ियों ने अपना नाम 2 करोड़, 20 खिलाड़ियों ने डेढ़ करोड़ और 34 खिलाड़ियों ने एक करोड़ की बेस प्राइस लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया है।
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रह सकते हैं यह 5 विदेशी प्लेयर, 2 करोड़ का है बेस प्राइस
आईपीएल का 15वां सीजन लीग का वो हिस्सा है जहां पर कई सारी चीजों दोबारा से शुरू करने की स्थिति में है, जिसे देखते हुए गवर्निंग काउंसिल टीमों की संख्या को 8 के बजाय 10 कर दिया है, तो वहीं पर मीडिया राइटस को लेकर भी बोली लगनी है। इसी को ध्यान रखते हुए टीमों के पुनर्निमाण के लिये मेगा ऑक्शन भी कराया जा रहा है, जिसकी वजह से टीमों को अपने ज्यादातर खिलाड़ियों को रिलीज करना पड़ा है और ऑक्शन पूल काफी बड़ा हो गया है। ऐसे में आइये एक नजर उन 5 भारतीय खिलाड़ियों पर डालते हैं जिन्होंने नीलामी में हिस्सा लेने के लिये अपना बेस प्राइस करोड़ों में रखा है, लेकिन इन खिलाड़ियों का बिक पाना काफी मुश्किल है।
और पढ़ें: IPL 2022: पिछले सीजन की नीलामी में कमाये थे 15 करोड़, अब मेगा ऑक्शन के पहले दौर से हुए गायब

उमेश यादव (Umesh Yadav)
इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन की मेगा नीलामी में जिन भारतीय खिलाड़ियों के नहीं बिक पाने की उम्मीद हैं, उसमें पहला नाम तेज गेंदबाज उमेश यादव का है, जिन्होंने मेगा ऑक्शन का हिस्सा बनने के लिये अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये रखा है। उमेश यादव को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने 2021 के सीजन से पहले रिलीज कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने 7 साल बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम में वापसी की थी। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने उन्हें एक करोड़ में खरीदा था, हालांकि पूरे सीजन के दौरान दिल्ली की टीम ने उन्हें एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं दिया। पिछले कुछ सीजन की बात करें तो उमेश यादव को बहुत कम मैचों में ही खेलने का मौका मिल पा रहा है, वहीं पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वह सिर्फ टेस्ट क्रिकेट ही खेलते नजर आते हैं। ऐसे में जहां फ्रैंचाइजियां नये सिरे से अपनी टीम का निर्माण करने की ओर देख रही हैं, वहां पर उमेश यादव की वापसी होना काफी मुश्किल नजर आ रहा है।

केदार जाधव (kedar Jadhav)
इस फेहरिस्त में अगला नाम भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी केदार जाधव का है, जो लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आने के बाद रिलीज कर दिये गये थे। आईपीएल 2020 के दौरान जब सीएसके की टीम अपने सबसे खराब दौर से गुजर रही थी उसे अपने इस मध्यक्रम बल्लेबाज से काफी उम्मीद थी लेकिन इसके बावजूद केदार जाधव कुछ खास करने में नाकाम रहे और टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया। आईपीएल 2021 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने केदार जाधव को अपने खेमे में शामिल किया और 7 मैचों में खेलने का मौका भी दिया। इस दौरान हैदराबाद की टीम उनसे फिनिशर की भूमिका चाहती थी, हालांकि जाधव यहां भी वो काम कर पाने में असफल रहे। केदार जाधव ने आईपीएल 2022 का हिस्सा बनने के लिये नीलामी में अपना बेस प्राइस एक करोड़ रखा है, ऐसे में उनकी खराब फॉर्म को देखते हुए किसी भी टीम की तरफ से उनमें रूचि दिखाना नामुमकिन नजर आता है।

पीयूष चावला (Piyush Chawla)
आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में नहीं बिकने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अगला नाम टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में चौथे पायदान पर काबिज पीयूष चावला का है। पीयूष चावला ने आईपीएल के इतिहास में 4 टीमों (कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस) की ओर से 93 मैचों में शिरकत की और 157 विकेट अपने नाम किये हैं। आईपीएल में इतने शानदार रिकॉर्ड के बावजूद पीयूष चावला को इस साल ऑक्शन में खरीदार मिलना मुश्किल है। पिछले 4 सीजन की बात करें तो पीयूष चावला को कुछ ज्यादा मैचों में शिरकत का मौका नहीं मिला है। 2017 में केकेआर ने उन्हें 6 मैच में मौका दिया तो वो सिर्फ 6 विकेट हासिल कर सके, वहीं 2018 में सीएसके ने 15 मैचों में खिलाया और वो सिर्फ 14 ही विकेट चटका सके। 2019 में सीएसके ने 13 और 2020 में 7 मैचों में चावला को खेलने का मौका दिया लेकिन वो सिर्फ 16 (10 और 6) ही विकेट हासिल कर सके। ऐसे में सीएसके ने उन्हें रिलीज कर दिया, जिसके बाद मुंबई की टीम ने उन्हें 2.4 करोड़ में अपने खेमे में शामिल कर सिर्फ एक ही मैच में खेलने का मौका दिया। इस दौरान उनके विकेट लेने का औसत प्रति मैच एक विकेट से भी कम है। वहीं पर पीयूष चावला ने आईपीएल 2022 का हिस्सा बनने के लिये अपना बेस प्राइस एक करोड़ रखा है, जिसे देखते हुए उनका बिकना थोड़ा ज्यादा मुश्किल नजर आ रहा है।

अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane)
इस लिस्ट में अगला नाम भारतीय मध्यक्रम के दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे का है। अजिंक्य रहाणे आईपीएल में अब तक मुंबई इंडियंस, राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिये खेल चुके हैं। दिल्ली कैपिटल्स की टीम मे ंअजिंक्य रहाणे को पिछले सीजन 2 मैचों में खेलने का मौका मिला जिसमें वो मौके का फायदा नहीं उठा सके और एक मैच में बिना खाता खोले और एक 8 रन बनाकर वापस लौटे। इससे पहले भी रहाणे का सीजन कुछ खास नहीं रहा था, जिसके चलते रहाणे ने 2020 में 9 मैच खेलकर सिर्फ 113, 2019 में 14 मैच खेलकर 393 और 2018 में 15 मैच खेलकर सिर्फ 370 रन ही बना सके हैं। ऐसे में रहाणे की खराब फॉर्म और अगले सीजन के लिये एक करोड़ का बेस प्राइस उन्हें किसी भी टीम से जोड़ता नजर नहीं आ रहा है।

इशांत शंंर्मा (Ishant Sharma)
इशांत शर्मा की बात करें तो साल 2013 के बाद से उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है, इतना ही नहीं उन्हें लगातार मैचों में खेलने का मौका भी साल दर साल कम ही मिला है। आखिरी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिये 1.10 करोड़ में बिके इशांत शर्मा सिर्फ 3 ही मैचों में शिरकत कर सके थे और उसमें भी 97 रन देकर सिर्फ एक ही विकेट हासिल किया था। 2013 के बाद से इशांत शर्मा के प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखने को मिली है, जिसकी वजह से 2014 में उन्हें सिर्फ 3 मैच (3 विकेट), 2015 में 4 मैच (1 विकेट), 2016 में 4 मैच (3 विकेट), 2017 में 6 मैच (0 विकेट), 2019 में 13 मैच (13 विकेट) और 2020 में एक मैच (एक विकेट) में ही शिरकत कर सके हैं।
इशांत शर्मा ने अगले सीजन के लिये अपना बेस प्राइस 1.5 करोड़ रखा है, ऐसे में उनकी खराब लय और महंगे बेस प्राइस को देखते हुए किसी भी टीम का उन पर दांव लगाना काफी मुश्किल नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications