Saina Nehwal Birthday: 33 बरस की हुईं शटलर क्वीन, कभी दादी ने जन्म पर मनाया था मातम, जानिए अनसुना किस्सा
Saina Nehwal ka birthday: 17 मार्च 1990 में जन्म लेने वाली हरियाणा बाला साइना नेहवाल के बारे में किसी ने नहीं सोचा था कि एक दिन ये विश्व की नंबर वन की खिलाड़ी बनेगी।

Happy Birthday Saina Nehwal: आज भारत की आन-बान-शान साइना नेहवाल का जन्मदिन है। अपने जीवन के 33 बसंत पूरे करने वाली साइना नेहवाल ने पहली बार बैडमिंटन में ओलंपिक पदक जीतकर विश्वपटल पर भारत को गौरवान्वित होने का मौका दिया था। साइना नेहवाल ने अपने दम पर वो मुकाम हासिल किया है, जहां पहुंचना हर किसी के बस की बात नहीं। मात्र आठ साल की उम्र से बैडमिंटन का रैकट पकड़ने वाली साइना नेहवाल आज हर हिंदुस्तानी लड़की की आइडियल है लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज दुनिया जिसके आगे नतमस्तक है, उसके जन्म पर उसके घर में मातम पसरा था।
दादी का चाहिए था पोता
जी हां, 17 मार्च 1990 को जन्म लेने वाली भारत की इस होनहार खिलाड़ी के पैदा होने पर उनकी दादी ने अफसोस जताया था। वो पोते की चाहत रखती थीं और इसलिए जब साइना पैदा हुई तो उन्हें काफी दुख हुआ और इसी वजह से उन्होंने एक हफ्ते तक उनका मुंह नहीं देखा था और उनके जन्म पर खुशियां मनाने की जगह घर में मातम मनाया गया था लेकिन उनकी दादी को यह अंदाजा नहीं था, जिसके जन्म पर वो आंसू बहा रही हैं, वो एक दिन उन्हें ही इतराने का मौका देगी और वो उन्हें वो गौरव और सम्मान देगी जिसके बारे में वो कभी सोच भी नहीं सकती हैं।

हिसार के साधारण घर में जन्मी साइना नेहवाल के पिता का नाम डॉ. हरवीर सिंह नेहवाल और माता का नाम उषा नेहवाल है, साइना की मां खुद एक स्टेट लेवल की बैडमिंटन खिलाड़ी थीं लेकिन शादी और परिवार के बाद उनका ये सफर रूक गया था, जिसे कि साइना ने आगे बढ़ाया। साइना के अंदर शुरू से कुछ कर गुजरने की आग थी, जिसे उनकी मां और पिता ने पहले ही भांप लिया था और उन्होंने उसे आगे बढ़ने में हर संभव मदद की। आपको बता दें कि साइना ने अपने करियर की शुरुआत हैदराबाद के लाल बहादुर स्टेडियम से की थी।

बैडमिंटन के नेशनल कोच पुलेला गोपीचंद की शिक्षा से साइना ने इंडियन बैडमिंटन की दशा और दिशा दोनों बदल दी। साइना नेहवाल ने साल 2010 में सिंगापुर सुपरसीरीज, इंडोनेशिया सुपरसीरीज, हांगकांग सुपरसीरीज जीता और इंडिया ग्रांप्री गोल्ड हासिल करके भारत का परचम लहराया, यही नहीं उन्होंने इसी साल एशियन चैम्पियनशिप के महिला एकल वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया था।
लंदन ओलंपिक में रचा इतिहास
इसके बाद साल 2012 लंदन ओलंपिक 2012 में महिला एकल वर्ग में कांस्य पदक जीतकर साइना ने सफलता का नया अध्याय लिखा, जिसके आगे तो पूरा भारत नतमस्तक है। साल 2018 में सादगी से साइना ने बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप से प्रेमविवाह किया था। दोनों ने दस साल डेटिंग करने के बाद शादी की थी। बता दें कि कश्यप ने 2014 में कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।देश की इस होनहार बेटी को वनइंडिया परिवार भी दिल से सलाम करता है और उन्हें जन्मदिन की बहुत सारी शुभकमानाएं देता है।
Happy Birthday साइन नेहवाल...












Click it and Unblock the Notifications