Asian Fencing Championship 2023: भवानी देवी ने एशियन चैंपियनशिप में जीता पदक, बनीं पहली भारतीय तलवारबाज
Bhavani Devi Asian Fencing Championship 2023: भवानी देवी ने सीनियर फेंसिंग चैंपियनशिप 2023 में इतिहास रच दिया है। भवानी देवी ने महिला सेबर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। यह टूर्नामेंट चीन के वुक्सी में खेला जा रहा है। उन्होंने एशियाई तलवारबाजी चैम्पियनशिप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
इसके साथ ही भवानी देवी इस चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी (तलवारबाज) बन गई हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सीनियर एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप 2023 में भारत का पहला पदक जीतने के लिए बहुत गर्व महसूस हो रहा है। पोडियम पर खड़ा होना बहुत ही भावनात्मक था।

उन्होंने कहा कि कांस्य पदक मेरे आत्मविश्वास को और अधिक कठिन परिश्रम करने के लिए प्रेरित करता रहेगा। साथ ही हमारे देश को गौरवान्वित करने के लिए उत्साह बढ़ाता रहेगा। 19 जून को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान की जेनाब डेयिबेकोवा ने भवानी देवी को हरा दिया। हार के बावजूद भी भवानी देवी ने इतिहास रच दिया।
भारतीय तलवारबाजी संघ के महासचिव राजीव मेहता ने ऐतिहासिक जीत पर भवानी देवी को बधाई दी है। मेहता ने कहा कि यह भारतीय तलवारबाजी के लिए बेहद गौरवपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि भवानी देवी एशियाई चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय तलवारबाज हैं। इसके लिए मैं उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं।
इससे पहले भारतीय तलवारबाजी की मशहूर खिलाड़ी भवानी देवी ने लंदन में चल रही कॉमनवेल्थ तलवारबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। इस प्रकार पिछली बार जीते हुए खिताब का बचाव करते हुए उन्होंने अहम उपलब्धि करियर में हासिल की थी। सीनियर महिला तलवारबाजी व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलियाई वेरोनिका वासिलेवा को 15-10 से हराया था।
यह भी पढ़ें- नन्ही तलवारबाज को देख सीहोर में लोगों के उड़े होश, 6 साल की बालिका रेधानशी का तलवारबाजी करते वीडियो वायरल












Click it and Unblock the Notifications