जब स्कूल के बच्चे पहुचे डीएम के पास, बच्चों ने कहा हमारे अच्छे टीचर का क्यों कर दिया ट्रांसफर, धमकी दी
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में एक सरकारी स्कूल के करीब दो दर्जन बच्चे अचानक डीएम कार्यालय पहुंच गए जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बच्चे डीएम से मिले जहां उन्होंने धमकी दी कि अगर ट्रांसफर किए गए टीचर को फिर हमारे स्कूल नहीं भेजा गया तो वह स्कूल मे पढ़ाई छोड़ देंगे। फिलहाल डीएम ने पूरे मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

डीएम ने बच्चों की बातें सुनी
दरअसल राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहबाजनगर स्कूल मे पढ़ने वाले 9वीं और 10वीं क्लास के छात्र-छात्राओं ने डीएम कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। बच्चों की नारेबाजी की आवाज सुनकर डीएम ने मामले का संज्ञान लिया। डीएम ने बच्चों को तत्काल अपने दफ्तर मे बुला लिया। डीएम ने एक-एक करके बच्चों की बात को सुना।

'हम स्कूल जाना छोड़ देंगे'
बच्चों की मांग है कि उनके स्कूल में आशिक अली नाम के टीचर काफी अच्छा पढ़ाते हैं लेकिन उनका ट्रांसफर कर दिया गया। वह इंग्लिश के काफी अच्छे टीचर हैं इसलिए सभी बच्चे आशिक अली टीचर से ही पढ़ना चाहते है। बच्चों ने डीएम के सामने धमकी दी है कि अगर आशिक अली टीचर को फिर से हमारे स्कूल मे नहीं भेजा गया तो वह स्कूल जाना छोड़ देंगे। वहीं डीएम ने बच्चों को आश्वासन देकर भेज दिया है।

मामले में जांच के आदेश
डीएम इंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि बच्चे मिलने आए थे। उनकी मांग थी कि ट्रांसफर हुए टीचर को फिर से पढ़ाने के लिए स्कूल मे भेजा जाए। इस दौरान बच्चों ने स्कूल प्रशासन पर कई आरोप भी लगाए थे जिस पर पूरे मामले मे जांच के आदेश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications