कौन हैं Shah Mahmud Hassan?, जिन्होंने बेहट निकाय चुनाव से पहले सपा को दिया बड़ा झटका
सहारनपुर की बेहट नगर पंचायत सीट से शाह महमूद ने समाजवादी पार्टी को झटका देते हुए अचानक से भारतीय जनता पार्टी (BJP) ज्वाइन कर ली। आइए जानते है कौन हैं शाह महमूद हसन?

Shah Mahmud Hassan: सहारनपुर जिले की बेहट सीट की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। चार बार बेहट नगर पंचायत के चेयरमैन रह चुके वरिष्ठ सपा नेता शाह महमूद हसन ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। शाह महमूद ने लखनऊ से बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।
शाह महमूद हसन द्वारा बीजेपी ज्वाइन करने की विधिवत घोषणा सहारनपुर के बीजेपी जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी ने की है। बेहट कस्बे की सियासी धुरी माने जाने वाले नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन शाह महमूद हसन शाही घराने से ताल्लुक रखते है। आइए जानते है शाह महमूद हसन के बारे में...
सपा का दामन छोड़कर बीजेपी ज्वाइन करने वाले शाह महमूद हसन का परिवार बेहट तहसील में शाही परिवार माना जाता है। शाह महमूद हसन के दादा और परदादा अंग्रेजों के पहले से बड़े जमीदार रहे हैं। छात्र जीवन से ही शाह महमूद ने राजनीति में कदम रख लिया था।
एनबीटी की खबर के मुताबिक, दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय से पढ़ाई के दौरान शाह महमूद छात्र राजनीति में सक्रिय हो गए थे। यहां से शाह महमूद ने साल 1973-74 में अध्यक्ष पद का चुनाव जीता था।
साल 1989 में शाह महमूद ने पहली बार टाउन एरिया कमेटी बेहट अध्यक्ष का चुनाव जीता था। इसके बाद शाह महमूद करीब चार बार नगर पंचायत के चेरयमैन रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने तत्कालीन सरसावा विधानसभा का कई बार और सहारनपुर लोकसभा का भी सपा से एक चुनाव लड़ा है।
Recommended Video

शाह महमूद को बेहट की राजनीति का पितामह माना जाता है। पिछली बार बेहट नगर पंचायत अध्यक्ष पद की सीट पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित होने के चलते वह चुनाव नहीं लड़ पाए थे। इस बार बेहट नगर पंचायत अध्यक्ष पद की सीट सामान्य होने के चलते उन्होंने सपा को झटका देते हुए अचानक से BJP ज्वाइन कर ली।
चर्चा है कि शाह महमूद हसन को बीजेपी द्वारा बेहट नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया जा सकता है। जानकारों की मानें तो शाह महमूद के बीजेपी द्वारा अगर प्रत्याशी बनाया जाता है तो चेयरमैन पद के चुनाव में सभी दलों के समीकरण गड़बड़ा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications