Inder Kaur के साथ 6 साल पहले क्या हुआ था? Instagram के प्यार ने दी खौफनाक मौत, सबकुछ पहले से तय था?
Inder Kaur: पंजाब की उभरती सिंगर इंडर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। भोपाल की ट्विशा शर्मा और ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर की मौत के बाद अब इंदर कौर केस ने रिश्तों में छिपे खतरनाक सच को सामने ला दिया है। आपको बता दें कि जिस शख्स के साथ इंदर जिंदगी बिताने के सपने देख रही थीं, उसी पर उनकी हत्या का आरोप लगा है।
सिंगर इंदर कौर के प्यार का दर्दनाक अंत
पुलिस जांच में सामने आया है कि इंदर कौर की हत्या कथित तौर पर उनके प्रेमी सुखविंदर सिंह (Sukhwinder Singh) उर्फ सुखी बराड़ ने साजिश के तहत करवाई। दोनों की लव स्टोरी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी लेकिन इसका अंत बेहद दर्दनाक साबित हुआ।

इंस्टाग्राम पर हुई मुलाकात, धीरे-धीरे गहरा हुआ रिश्ता
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुखविंदर सिंह उर्फ सुखी बराड़ पंजाब के मोगा का रहने वाला था लेकिन वह लंबे समय से कनाडा में रह रहा था। 6 साल पहले उसकी मुलाकात इंदर कौर से इंस्टाग्राम पर हुई थी। शुरुआत चैटिंग से हुई और फिर दोनों के बीच प्यार पनपने लगा।
-सुखविंदर सिंह और इंदर कौर इस रिश्ते को लेकर इतने सीरियस थे कि शादी तक की बातें होने लगी थीं। इंदर के परिवार ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था। वहीं सुखी का परिवार भी इंदर को अपनी बहू मानने लगा था। रिश्तेदारों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच मुलाकातें भी हुई थीं और रिश्ता लगभग तय माना जा रहा था।
शादी का वादा, कनाडा ले जाने के सपने और फिर बड़ा झूठ
-इंदर कौर के परिवार के अनुसार सुखी बराड़ कई बार इंदर कौर से मिलने पंजाब में उनके घर भी आया था। उसने इंदर और उनके भाई को शादी के बाद कनाडा ले जाकर सैटल कराने का वादा किया था। जनवरी 2026 में इंदर के जन्मदिन पर भी उसने जल्द शादी करने की बात कही थी लेकिन मार्च आते-आते हालात बदलने लगे। कहा जा रहा है कि उसी समय से सुखी अपने इस झूठे रिश्ते को लेकर टेंशन में रहने लगा था।
-इसके बाद सुखी लगातार शादी का बात टालने लगा। शादी को लेकर अचानक ही उसका मूड बदल गया। इंदर कौर और उनके परिवार को सुखी की ये हरकत खटकने लगी थी। उन लोगों को कहां पता था कि दूर कनाडा में बैठकर सुखी उनकी बेटी की मौत के घाट उतारने का प्लान बना रहा है। शायद उसको पता चल गया था कि जल्द ही उसका सच सबके सामने आ जाएगा।
सुखी ने इंदर पर डाला शादी का दबाव, रची ऐसी साजिश
-इसके बाद इंदर के परिवार वालों ने सुखी बराड़ के बारे में बारीकी से जांच करनी शुरू की। जांच करने पर पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके 2 बच्चे भी हैं। इस सच के सामने आने के बाद इंदर कौर और सुखी के बीच खूब झगड़ा हुआ था। दोनों के बीच जमकर कहा सुनी हुई और इस तरह रिश्ते में तनाव भी बढ़ गया।
-बताया जा रहा है कि इंदर कौर ने सुखी बराड़ को फोन पर साफ कह दिया था कि वह शादी नहीं कर सकती। कई रिपोर्ट्स में ये दावा किया गया है कि इंदर कौर पर लगातार शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था। सुखी चाहता था कि इंदर उसकी दूसपी पत्नी बन जाए लेकिन सिंगर ने ऐसा करने से साफ मना कर दिया था। इसके बाद ही सुखी ने इंदर के खिलाफ खौफनाक साजिश रचनी शुरू कर दी थी।
इंदर कौर के सिंगिंग करियर पर लगाई गई थी रोक
-आपको बता दें कि इंदर कौर सिर्फ सिंगर ही नहीं बल्कि मेकअप आर्टिस्ट भी थीं। उन्होंने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी। 'रिच स्टैंडर्ड', 'अफगान जट्टी', 'सोहणा लगदा', 'कदो ती मिलेगी' और 'अकड़' जैसे कई गानों से उन्होंने पॉपुलैरिटी हासिल की थी।
-परिवार का आरोप है कि सुखी बराड़ धीरे-धीरे इंदर की जिंदगी को कंट्रोल करने लगा था। उसने उन्हें सिंगिंग और सोशल मीडिया से दूर रहने के लिए मजबूर कर दिया था। बताया जा रहा है कि इसी दबाव के चलते इंदर ने कुछ समय के लिए म्यूजिक से दूरी बना ली थी और बाद में बुटीक का काम शुरू कर दिया था।
13 मई को हुई गायब हुई इंदर, 19 मई को नदी में मिली लाश
-जानकारी के अनुसार सिंगर इंदर कौर 13 मई 2026 से लापता थीं। परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और 15 मई 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार लेकर बाजार गई थीं लेकिन वापस घर नहीं लौटीं।
-करीब 6 दिन बाद यानी 19 मई 2026 को नीलों नदी से एक महिला का शव बरामद हुआ। कपड़ों और हुलिए के आधार पर परिवार ने उसकी पहचान इंदर कौर के रूप में की थी।
-रिश्तेदारों का दावा है कि इंदर कौर को कार में गोली मारी गई थी और फिर उसका शव नदी में फेंक दिया गया था। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपियों ने कार को भी नदी में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की थी।
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
-इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी सुखी बराड़ के कनाडा भागने की खबरें सामने आ रही हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और हत्या की साजिश की जांच कर रही है।
-इंदर कौर मर्डर केस ने सोशल मीडिया पर भी भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर प्यार, भरोसे और शादी के सपनों के नाम पर कितनी लड़कियों की जिंदगी इस तरह खत्म होती रहेगी।
सोशल मीडिया पर छाया इंदर कौर केस
आपको बता दें कि इंदर कौर के इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स थे और वह पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा बन चुकी थीं। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद से फैंस सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।













Click it and Unblock the Notifications