Alumni Meet: सहपाठियों से मिलकर खिल उठे मंत्रियों के चहरे, हाथ पकड़कर खूब बतियाये
डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विवि में पहली दफा मेगा एल्युमिनी में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मंत्री भी छात्रों की तरह व्यवहार करते नजर आए। वे अपने पुराने साथियों से मिलकर प्रसन्न हो गए। सभी ने अपने पढ़ाई के दिनों को याद किया।

Central Minister डॉ. वीरेंद्र कुमार कैबिनेट मंत्री डॉ. भूपेंद्र सिंह, मंत्री गोविंद राजपूत सहित कई राजनेता, अधिकारी और ब्यूरोक्रेट्स सहित बड़ी-बड़ी हस्तियां रविवार को पुराने दोस्तों के साथ गले मिलते, खिले चेहरे, अपनी पढ़ाई के दिनों को याद कर चहक रहे थे। दरअसल मौका था डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर में मेगा एल्युमिनी के आयोजन का। इसमें बतौर मुख्य अतिथि पधारे मंत्री भी अपने सहपाठियों के साथ पुरानी यादों में खोए नजर आए।

डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के केन्द्रीय विश्वविद्यालय स्थापना दिवस के अवसर पर मेगा एल्युमिनी का आयोजन किया गया। इस आयोजन के उदघाटन समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता ने की। इस अवसर पर राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, नगर निगम की महापौर संगीता तिवारी, बंडा विधायक तरवर सिंह लोधी, सागर विधायक शैलेंद्र जैन और सांसद प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। औपचारिक कार्यक्रम के बाद सभी मंत्री, जनप्रतिनिधि भी अपने पुराने मित्रों, सहपाठियायें से मिलकर अपनी पुरानी यादों को साझा करते नजर आए।

केंद्रीय मंत्री ने गुरुजनों से मिली सीख को यादा किया
डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि यह आयोजन एलुमिनी विद्यार्थियों एवं सदस्यों का संगम है। उन्होंने अपने गुरुजनों एवं विश्वविद्यालय से मिली सीख की यादें ताजा की और कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र विविध क्षेत्रों में स्थापित हैं। डॉ. गौर का शिक्षा प्रदान करने का जीवन का लक्ष्य निरंतरता के साथ जारी है। उन्होंने कहा कि डॉ. गौर वृक्ष रोपित करके गए हैं, जो वट वृक्ष की भांति अपनी छाया हर तरफ फैला रहा है। हमें उनसे सीखना चाहिए कि कैसे हम समाज को कुछ देकर उनका ऋण चुकाने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी क्षमता के अनुसार मैं डॉ. गौर को भारतरत्न दिलाने के लिए प्रयास करुंगा।
विश्वविद्यालय के एल्युमिनी अनमोल खजाने की तरह हैं: कुलपति
कुलपति प्रो.नीलिमा गुप्ता ने सभी एल्युमिनी का स्वागत करते हुए कहा कि इस विवि को 75 साल हो चुके हैं। विश्वविद्यालय के एल्युमिनी की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। विश्वविद्यालय को अपने सभी एलुमिनी के लिए गर्व है। उन्होंने कहा कि डॉ. गौर के सपने के कारण ही हम सभी को आज एल्युमिनी होने का भी सौभाग्य मिला है। गौर साहब के योगदान को नमन करते हुए अब हम सागर को गौर सिटी बनायें। पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के वचन 'मिनी स्विट्जरलैंड' के अनुरूप इस शहर को बनाने का लक्ष्य रखे। इस शहर में वह सब हो जो इसको मिनी स्विट्जरलैंड बनाए। उन्होंने कहा कि एल्युमिनी एक छाते की तरह रहते हैं जो हर मौसम में विवि को बचा कर रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications