झारखंड सरकार का दावा, ऑक्सीजन की कमी से राज्य में नहीं हुई कोई मौत
कोरोना काल में कई मरीजों ने ऑक्सीजन की कमी से दम तोड़ दिया था। देश के कई राज्यों से ऑक्सीजन की कमी का मामला सामने आया था, लेकिन झारखंड सरकार ऐसा नहीं मानती।
रांची, 7 सितंबर। कोरोना काल में कई मरीजों ने ऑक्सीजन की कमी से दम तोड़ दिया था। देश के कई राज्यों से ऑक्सीजन की कमी का मामला सामने आया था, लेकिन झारखंड सरकार ऐसा नहीं मानती। झारखंड सरकार ने मंगलवार को कहा कि राज्य में ऑक्सीजन की कमी से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। हालांकि सरकार यह मानती है कि कोरोना संक्रमण के कारण राज्य में 5132 लोगों की मौत हुई है, लेकिन ऑक्सीजन की कमी से किसी भी मरीज की मौत की कोई रिपोर्ट नहीं है। चंदनकियारी के विधायक अमर कुमार बाउरी द्वारा झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र में पूछे गये अल्पसूचित प्रश्न पर सरकार ने यह जवाब दिया।

राज्य में स्थापित किये जा रहे 38 ऑक्सीजन प्लान
सरकार ने आगे कहा कि राज्य में पीएम केयर फंड से विभिन्न जिलों में कुल 38 ऑक्सीजन प्लॉट स्थापित किए जा रहे हैं और उन पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा राज्य सरकार अपने संसाधनों या सीएसआर फंड का इस्तेमाल कर कुल 34 स्वास्थ्य संस्थानों में ऑक्सीजन प्लांट लगवा रही है। सरकार ने कहा कि सभी ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना का कार्य 15 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। सरकार के मुताबिक 16 गैर सरकारी अस्पतालों में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम पूरा हो चुका है।
यह भी पढ़ें: त्रिकोणीय प्यार: एक ही लड़के से शादी करना चाहती थीं दोनों लड़कियां, पंचायत ने सिक्का उछालकर किया ये फैसला
जय श्री राम, हर हर महादेव के नारों से गूंज उठी विधानसभा
झारखंड विधानसभा में सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला। दरअसल मामला ये था कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा सत्र के दौरान नमाज पढ़ने के लिए कमरे आवंटित किए गये थे, जिसका भाजपा विधायकों ने जमकर विरोध किया और सदन में जय श्री राम, हर हर महादेव के नारे लगाए। भाजपा विधायकों ने कहा कि विधानसभा में तभी काम होगा जब अध्यक्ष महोदय अपना निर्णय वापस लेंगे। वहीं सत्ता धारी झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने भाजपा की इस हरकत को राजनीति से प्रेरित बताया। वहीं, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने इसे दुर्भाग्यशाली करार दिया। उन्होंने कहा एक पार्टी ऐसे तरीके तब अपनाती है जब उसके पास कोई मुद्दा या एजेंडा नहीं होता है। मन में आस्था हो तो ईश्वर सर्वत्र है। लेकिन जब मन में दैत्य हावी हो जाता है, तो व्यक्ति को हर जगह विरोधी ही नजर आते हैं।












Click it and Unblock the Notifications