राजस्थान MLA जयकृष्ण पटेल ने बताई खनन का प्रश्न पूछने की असली वजह, BAP ने उठाया बड़ा कदम
Rajasthan MLA Jaykrishna Patel Bribery Case: राजस्थान में विधायक रिश्वत कांड जोर पकड़ रहा है। बांसवाड़ा के बागीदौरा से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक जयकृष्ण पटेल राजस्थान ACB की रिमांड पर हैं। ACB ने उन्हें राजस्थान विधानसभा में पूछे गए सवाल के बदले 4 मई 2025 को 20 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। इस पूरे मामले में मंगलवार को दो बड़े अपडेट सामने आए हैं-पहला, विधायक ने विधानसभा में खनन से जुड़ा प्रश्न पूछने की वजह स्पष्ट की है। दूसरा, पार्टी ने इस पर जांच शुरू कर दी है।
BAP ने बनाई जांच समिति
भारत आदिवासी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि 'राजस्थान में बागीदौरा विधायक पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए पार्टी ने 5 सदस्यीय जांच समिति गठित की है ताकि पार्टी की छवि को धूमिल करने की साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।' बता दें, बीएपी के पास राजस्थान में एक सांसद (बांसवाड़ा से राजकुमार रोत) और चार विधायक हैं, जिनमें जयकृष्ण पटेल भी शामिल हैं।

BAP की जांच समिति में ये सदस्य शामिल हैं
- कांतिलाल रोत - राष्ट्रीय सदस्य, BAP
- डॉ. जितेंद्र - राष्ट्रीय प्रवक्ता, BAP
- रमेश चंद्र मईडा - प्रदेशाध्यक्ष, राजस्थान BAP
- उमेश कुमार डामोर - विधायक, आसपुर
- धावरचंद डामोर - विधायक, धरियावद

Jai Krishna Patel Bagidora: BAP की मंशा क्या है?
जांच समिति गठित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत ने कहा, "बागीदौरा विधायक प्रकरण 4 मई 2025 को संज्ञान में आया है। अब तक की जानकारियों से प्रतीत होता है कि एक राजनीतिक षड्यंत्र के तहत विधायक को फंसाया गया है। यह पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर छवि धूमिल करने का प्रयास है। सरकार और जांच एजेंसी की भूमिका संदेहास्पद है। समिति इस प्रकरण की वास्तविकता की जांच कर शीघ्र केंद्रीय कार्यालय को रिपोर्ट दे, ताकि अगली कार्रवाई तय की जा सके।"

विधायक ने टोडाभीम में खनन पर सवाल क्यों पूछा?
जयकृष्ण पटेल, जो बागीदौरा से विधायक हैं, उन्होंने विधानसभा में करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र में हो रहे खनन को लेकर सवाल उठाया था, जो उनके निर्वाचन क्षेत्र से लगभग 650 किलोमीटर दूर है। इस पर सवाल उठने पर उन्होंने कहा, "हम BAP को पूर्वी राजस्थान में मजबूत करना चाहते हैं। इसलिए वहां की समस्याएं उठाते हैं। बीजेपी ने मुझे फंसाया है।"


विधायक बोले- रिश्वत नहीं मांगी, न ही किसी को जानते हैं
मीडिया से बातचीत में विधायक पटेल ने आरोप लगाया कि उन्होंने किसी से रिश्वत नहीं मांगी और न ही पैसे देने वाले को जानते हैं। उन्होंने कहा, "ACB के छापे में मेरे हाथ पर कोई रंग नहीं मिला। पैसे किसने लिए, मुझे नहीं पता। मेरा पीए पैसे लेकर कब भाग गया, मुझे जानकारी नहीं है। खनन से जुड़ा सवाल क्यों पूछा, इसका जवाब अब मैं ACB को दूंगा।"

GPS से मिली रिश्वत की रकम, मामा के घर गाड़े गए पैसे
ACB के डीजी रविप्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि 4 मई को जयकृष्ण पटेल ने परिवादी रविंद्र सिंह से जयपुर स्थित अपने आवास के बेसमेंट में खड़ी कार में रिश्वत की रकम ली और उसे अपने निजी सचिव रोहित को दे दी। बाद में रोहित बैग लेकर फरार हो गया। ACB ने पहले ही उस बैग में GPS डिवाइस लगा दी थी। रोहित को इसका पता लगने पर उसने GPS डिवाइस इंदिरा गांधी नगर की एक खाली जमीन में फेंक दी और पैसे अपने मामा के घर जाकर गाड़ दिए। पूछताछ के बाद ACB ने वहां से पैसे बरामद कर लिए।
यह भी पढ़ें- MLA जयकृष्ण पटेल ने राजस्थान विधानसभा में क्या पूछने के बदले ली ₹20 लाख की घूस, देखें प्रश्न-उत्तर की सूची
यह भी पढ़ें- Jaikrishna Patel: 20 लाख की घूस लेते पकड़े गए MLA जयकृष्ण पटेल की कुर्सी जाएगी या बचेगी? जानिए नियम
यह भी पढ़ें- 20 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए BAP विधायक जयकृष्ण पटेल के खाते में सिर्फ 500 रुपये, कुल संपत्ति 1.51 लाख












Click it and Unblock the Notifications