दुनिया में सबसे तेज लिस्ट ए शतक जड़ने वाले टॉप 5 खिलाड़ी, पांच की लिस्ट में तीन बिहारी शामिल
क्रिकेट में रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं लेकिन कुछ प्रदर्शन ऐसे होते हैं जो लंबे समय तक याद रखे जाते हैं। भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। यूएई के खिलाफ मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में उन्होंने महज 28 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
वैभव की यह पारी सिर्फ शतक तक सीमित नहीं रही। उन्होंने 53 गेंदों में 204 रन बनाए, जिसमें 28 छक्के और 7 चौके शामिल थे। इस दौरान उन्होंने सबसे तेज दोहरा शतक और एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी इस उपलब्धि ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में बड़ा बदलाव कर दिया है। आइए जानते हैं इस सूची में शामिल टॉप 5 बल्लेबाज कौन हैं।

वैभव सूर्यवंशी
इस सूची में पहला नाम भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का है। उन्होंने यूएई के खिलाफ दोहा में खेले गए मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में सिर्फ 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
वैभव ने इस मुकाबले में 53 गेंदों का सामना करते हुए 204 रन बनाए। उनकी पारी में 28 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से डार्सी शॉर्ट का एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। भारत ए ने 250 रन का लक्ष्य महज 14 ओवर में हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
जेक फ्रेजर-मैकगर्क
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2023 में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से तस्मानिया के खिलाफ एडिलेड में खेले गए मुकाबले में सिर्फ 29 गेंदों में शतक पूरा किया था। जेक ने इस मैच में 125 रन की तूफानी पारी खेली थी। उनका यह रिकॉर्ड काफी समय तक लिस्ट ए क्रिकेट के सबसे तेज शतक के रूप में कायम रहा।
एबी डिविलियर्स
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहान्सबर्ग में खेले गए मुकाबले में केवल 31 गेंदों में शतक जड़ दिया था। डिविलियर्स ने इस मैच में 149 रन की यादगार पारी खेली थी।
साकिबुल गनी
इस सूची में चौथे स्थान पर भारतीय बल्लेबाज साकिबुल गनी हैं। उन्होंने 2025 में बिहार की ओर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रांची में खेले गए मुकाबले में 32 गेंदों में शतक पूरा किया था। साकिबुल ने इस मुकाबले में 128 रन की शानदार पारी खेली थी।
ईशान किशन
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस सूची में पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने 2025 में झारखंड की ओर से कर्नाटक के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाया था। ईशान ने इस मैच में 125 रन की शानदार पारी खेली थी। वैभव सूर्यवंशी और साकिबुल गनी की तरह ईशान किशन भी बिहार के हैं। इस तरह टॉप पांच में तीन बिहारी हैं।


Click it and Unblock the Notifications
