20 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए BAP विधायक जयकृष्ण पटेल के खाते में सिर्फ 500 रुपये, कुल संपत्ति 1.51 लाख
Jaikrishna Patel Net Worth: राजस्थान में 20 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के जयकृष्ण पटेल की संपत्ति को लेकर चौकाने वाला खुलासा हुआ है। विधायक जयकृष्ण पटेल के पास कुल संपत्ति सिर्फ 1 लाख 51 हजार रुपए है।
राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक जयकृष्ण पटेल को रविवार को गिरफ्तार किया है। विधायक पटेल ने खनन कंपनी के मालिक रविंद्र सिंह से रिश्वत की राशि ली थी। अब एसीबी ने विधायक को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।

बता दें कि भारत आदिवासी पार्टी के जयकृष्ण पटेल ने राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की बागीदौरा सीट के उपचुनाव 2024 में जीत दर्ज की थी। बागीदौरा उपचुनाव में जयकृष्ण पटेल ने BAP (भारत आदिवासी पार्टी) प्रत्याशी के तौर पर भरे नामांकन पत्र में संपत्ति का विवरण भी दिया था।
जयकृष्ण पटेल के दो बैंक खातों में 500 रुपए, एक में शून्य
बागीदौरा उपचुनाव शपथ के अनुसार जयकृष्ण पटेल के पास 50 हजार रुपए हाथ में नकदी और शेष जमा व आभूषण की कीमत है। सोने के जेवरात 20 ग्राम हैं, जिनकी कीमत 1 लाख रुपए बताई गई है।
- SBI चांदरवाडा ब्रांच के खाते में जमा: ₹500
- HDFC बांसवाड़ा के खाते में जमा: ₹0
- Axis बैंक बांसवाड़ा के खाते में जमा: ₹500

BAP MLA Bribery Case Rajasthan: विधानसभा में लगाए सवाल वापस लेने के बदले मांगी घूस
राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीजी रविप्रकाश मेहरड़ा के अनुसार विधायक जयकृष्ण पटेल ने विधानसभा में तीन प्रश्न लगाए थे। खनन से जुड़े सवाल वापस लेने के बदले रिश्वत मांग रहा था। परिवादी रविंद्र सिंह ने 4 अप्रैल को एसीबी को शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि विधायक उन पर अवैध खनन का आरोप लगाकर विधानसभा में बार बार प्रश्न लगाकर हमारे उपर दबाव बनाकर रिश्वत राशि की मांग कर रहे हैं। तब से विधायक पटेल एसीबी के रडार पर था। विधायक और उसके लोगों के फोन सर्विलांस पर थे।

Rajasthan Banswara MLA Arrested: विधायक तक ऐसे पहुंची घूस की राशि
परिवादी से विधायक एक लाख रुपए बांसवाड़ा में ले चुका था। रविवार सुबह विधायक का चचेरा भाई विजय जयपुर के मालवीय नगर से परिवादी को कार में बैठाकर विधायक जयकृष्ण पटेल के एमएलए फ्लैट नंबर 804 स्थित आवास पर लेकर आया। बैसमेंट में सुबह करीब सवा 10 बजे विधायक ने अपनी कार में बैठकर रुपए गिने। फिर विधायक ने रुपयों से भरा बैग भाई व पीए को दे दिया। दोनों वहां से गायब हो गए। इशारा पाकर एसीबी ने छापा और विधायक के हाथ धुलवाए तो वे नोट गिनने की वजह लाल हो गए थे। फिर उन्हें अरेस्ट कर लिया।
Jai Krishna Patel Bagidora: जयकृष्ण पटेल 36 की उम्र में बना विधायक
बीस लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया जयकृष्ण पटेल 36 साल की उम्र में विधायक बन गया है। जयकृष्ण पटेल के पिता का नाम जवाहरलाल है। यह राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की आनंदपुरी तहसील के गांव कानेला का रहने वाला है। दरअसल, बागीदौरा से कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने पार्टी छोड़ भाजपा की टिकट पर बांसवाड़ा से लोकसभा चुनाव लड़ा। बांसवाड़ा लोकसभा चुनाव में बाप के चौरासी विधायक राजकुमारी रौत ने महेंद्रजीत सिंह मालवीय के सामने जीत दर्ज की थी। बागीदौरा सीट खाली हो गई थी, जिस पर उपचुनाव में जयकृष्ण पटेल को जीत मिली।
यह भी पढ़ें- Rajasthan ACB: सरकारी बाबू ने 700 रुपए में बेच दिया ईमान, बेरोजगार से रिश्वत लेते पकड़ा गया












Click it and Unblock the Notifications