MLA जयकृष्ण पटेल ने राजस्थान विधानसभा में क्या पूछने के बदले ली ₹20 लाख की घूस, देखें प्रश्न-उत्तर की सूची
Jaikrishna Patel Bribery Case: राजस्थान विधानसभा में प्रश्न लगाकर उनके बदले घूस लेने का बड़ा कांड सामने आया है। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बांसवाड़ा के बागीदौरा से BAP (भारत आदिवासी पार्टी) विधायक जयकृष्ण पटेल को 20 लाख की घूस लेते पकड़ा है।
एसीबी ने जयपुर में विधायक आवास से जयकृष्ण पटेल को 4 मई 2025 को गिरफ्तार किया था। 5 मई 2025 को रिश्वत के 20 लाख रुपए भी बरामद कर लिए। अब सवाल उठता है कि आखिर जयकृष्ण पटेल BAP MLA Bagidora Banswara ने ऐसे कौन- कौन से प्रश्न राजस्थान विधानसभा में पूछ लिए? जिनको हटवाने के बदले वे खान मालिक रविंद्र सिंह से ढाई करोड़ रुपए मांग रहे थे।

राजस्थान एबीसी के डीजी रवि मेहरड़ा ने बताया कि परिवादी रविंद्र सिंह राजस्थान के बागीदौरा बांसवाड़ा इलाके के रहने वाले नहीं हैं। पूर्वी राजस्थान से हैं। करौली में इन्होंने लीज पर खान ले रखी है। खनन के बारे में विधायक जयकृष्ण पटेल ने राजस्थान विधानसभा में प्रश्न लगाए थे। प्रश्न लगाने के बाद विधायक ने परिवादी से सम्पर्क करके प्रश्न हटवाने के बदले ढाई करोड़ रुपए मांगे। 20 लाख रुपए में सौदा तय हुआ।

Jaikrishna Patel Assembly Questions: विधायक जयकृष्ण पटेल ने लगाए थे तीन प्रश्न
बता दें कि बांसवाड़ा और करौली के बीच की दूरी 546 किलोमीटर है। फिर भी विधायक जयकृष्ण पटेल ने करौली जिले में खनन से संबंधित प्रश्न पूछे। विधायक जयकृष्ण पटेल ने प्रश्न संख्या 5998 और 6284 लगाए हैं। दोनों तारांकित हैं जबकि तीसरा प्रश्न संख्या 950 अतारांकित है। तीसरा प्रश्न अभी राजस्थान विधानसभा में टेबल नहीं हुआ है।

राजस्थान विधानसभा में विधायक जयकृष्ण पटेल का प्रश्न नंबर 5998
प्रश्न
1. क्या विधानसभा क्षेत्र टोडाभीम के ग्राम मोरडा, गड़ी, कमलापुर, रजौली, धवान, गुढाचंदजी आदि गांवों में स्थित पहाड़ों में वन भूमि पर अवैध खनन किया जा रहा है? यदि हां, तो सरकार ने इसे रोकने हेतु क्या कदम उठाए हैं?
यह भी पढ़ें- 20 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए BAP विधायक जयकृष्ण पटेल के खाते में सिर्फ 500 रुपये, कुल संपत्ति 1.51 लाख
उत्तर
1. जी हां, वनमण्डल करौली अधीन रेज गुढाचंद्रजी अन्तर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र टोडाभीम के ग्राम मोरडा, गडी, कमलापुर, रजौली, धवान, गुढाचन्द्रजी आदि गांवो में स्थित पहाड़ों में वनभूमि पर कभी-कभी चोरी-छिपे अवैध खनन किया जाता है। जिसे रोकने हेतु गश्ती दल करौली एव संबंधित स्टॉफ द्वारा भी वन क्षेत्रों में नियमित गश्त कर अवैध खननकर्ताओं के विरूद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जाती है ।
प्रश्न
2. क्या उक्त गांवों में वन्य भूमि एवं पहाड़ों पर कब्जा कर कुछ लोगों ने अवैध फार्म हाउस बना रखे हैं? यदि हां, तो क्या सरकार इन्हें हटाने का विचार रखती है? यदि नहीं, तो क्यों?
उत्तर
2. जी नहीं, उक्त गांव में वन भूमि एवं पहाड़ों पर कब्जा कर लोगों ने किसी भी प्रकार के फॉर्म हाउस नहीं बनाये हुए हैं।
प्रश्न
3. क्या उक्त गांवों में पहाड़ों पर अवैध फार्म हाउस बनाकर वन्य जीवों को रखा जा रहा है? यदि हां, तो दोषियों के विरूद्ध सरकार ने कार्रवाई क्यों नहीं की?
उत्तर
3. जी नहीं, उक्त गांवों में पहाड़ों पर फॉर्म हाउस बनाकर वन्यजीवों को नहीं रखा जा रहा है । ग्राम रजौली के पास पहाड़ी पर प्राचीन मंदिर के आस-पास वन्यजीव विचरण करते हुए पानी पीने के लिए आते-जाते रहते हैं।
प्रश्न
4. क्या उक्त गांवों में वन भूमि पर कब्जा करके नशे की तस्करी की जा रही है? यदि हां, तो सरकार द्वारा इसे रोकने हेतु की गई कार्रवाई का विवरण सदन की मेज पर रखें।
उत्तर
4. जी नहीं।

राजस्थान विधानसभा में विधायक जयकृष्ण पटेल का प्रश्न नंबर 6284
प्रश्न
1. क्या विधानसभा क्षेत्र टोडाभीम के ग्राम मोरडा, गडी, कमालपुर राजौली, धवान, गुढाचन्दजी आदि गांवों में स्थित पहाड़ों पर सरकार द्वारा खनन के पट्टे जारी किए हुए है? यदि हां, तो कितने हेक्टेयर भूमि पर कितने पट्टे जारी किए? विवरण सदन की मेज पर रखे।
उत्तर
1. जी हां। विधानसभा क्षेत्र टोडाभीम के ग्राम मोरडा, गडी, कमालपुर राजौली, धवान, गुढाचन्दजी आदि गांवों मे स्थित पहाड़ों पर विभाग द्वारा चार खनन पट्टे 48.7 हैक्टेयर भूमि पर स्वीकृत किये हुए हैं, खनन पट्टों का विवरण परिशिष्ट-01 पर उपलब्ध है।
प्रश्न
2. क्या विधानसभा क्षेत्र टोडाभीम के ग्राम मोरडा, गढी, कमलापुर, रजौली, धवान, गुढाचन्द्रजी आदि गांवों में स्थित पहाड़ों पर अवैध खनन किया जा रहा है? यदि हां, तो इनकी रोकथाम हेतु क्या कदम उठाए है?
उत्तर
2. विधानसभा क्षेत्र टोडाभीम के ग्राम मोरडा, गडी, कमालपुर राजौली, धवान, गुढाचन्दजी आदि गांवों में स्थित पहाड़ों पर अवैध खनन के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इस संबंध में दिनांक 29-07-2024 मौका जांच करवाये जाने पर भी उक्त गांवों में कोई अवैध खनन/परिवहन होना नहीं पाया गया। मौका रिपोर्ट परिशिष्ट-02 पर उपलब्ध है।

प्रश्न
3. क्या उक्त गांवों में पहाड़ों पर खनन के नाम पर कब्जा करके अवैध फार्म हाउस बना रखे है? यदि हां, तो क्या सरकार इन्हें हटाने का विचार रखती है? यदि हां, तो कब तक?
उत्तर
3. मौका रिपोर्ट दिनांक 29-07-2024 के अनुसार उक्त गांवों में स्वीकृत खनन पट्टों में अथवा खनन पट्टा क्षेत्र में कोई भी फार्म हाउस इत्यादि बना हुआ नहीं पाया गया।
उप वन संरक्षक, करौली द्वारा अवगत कराया गया है कि उक्त गांवों में वन भूमि एवं पहाड़ों पर कब्जा कर लोगों ने किसी भी प्रकार के फार्म हाउस नहीं बनाये हुए हैं। ग्राम राजौली के पास पहाड़ी पर एक प्राचीन मंदिर बना हुआ है, जिसमें ग्रामवासियों द्वारा कुछ कमरों का निर्माण किया गया है। इन्हें हटाने हेतु वन विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
प्रश्न
4. क्या उक्त गांवों में पहाड़ों पर कब्जा करके अवैध रूप से फार्म हाउस बनाकर वन्य जीवों को रखा जा रहा है? यदि हां, तो उक्त के विरूद्ध सरकार कार्रवाई करने का विचार रखती है?
उत्तर
4. उप वन संरक्षक करौली द्वारा अवगत कराया गया है कि उक्त गांवों में पहाड़ो पर अवैध फार्म हाउस बनाकर वन्य जीवों को नहीं रखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Jaikrishna Patel: 20 लाख की घूस लेते पकड़े गए MLA जयकृष्ण पटेल की कुर्सी जाएगी या बचेगी? जानिए नियम












Click it and Unblock the Notifications