Jaikrishna Patel: 20 लाख की घूस लेते पकड़े गए MLA जयकृष्ण पटेल की कुर्सी जाएगी या बचेगी? जानिए नियम
Jaikrishna Patel Bribery Case: राजस्थान में बांसवाड़ा जिले के बागीदौरा से BAP (भारत आदिवासी पार्टी) विधायक जयकृष्ण पटेल की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। सवाल उठ रहा है कि रिश्वतखोर एमएलए की विधायकी रहेगी या जाएगी? उधर, राजस्थान एसीबी ने सोमवार को वो 20 लाख रुपए भी बरामद कर लिए हैं, जो विधायक जयकृष्ण पटेल ने रविवार को खान मालिक रविंद्र सिंह से रिश्वत में लिए थे।
विधायक जयकृष्ण पटेल द्वारा ली गई रिश्वत के 20 लाख रुपए एसीबी ने कहां से बरामद किए हैं? इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। रविवार सुबह विधायक ने जयपुर के मालवीय नगर स्थित अपने आवास फ्लैट नंबर पर खान मालिक रविंद्र सिंह से 20 लाख की घूस लेकर रुपयों से भरा बैग अपने भाई व पीए को दे दिया था। उसके बाद दोनों गायब हो गए थे। एसीबी को तत्काल छापे में रुपए नहीं मिले थे। रुपयों की बरादगी के बाद एसीबी जल्द ही इस बात का खुलासा कर सकती है कि रिश्वत में लेने के बाद रुपए कहां गायब कर दिए थे?

विधायक ने कार में बैठकर गिने थे रिश्वत के 20 लाख रुपए
रविवार को छापे के दौरान राजस्थान एसीबी को विधायक जयकृष्ण पटेल के पास से 20 लाख की घूस के रुपए बरामद ही नहीं हुए तो उन्हें रंगे हाथ कैसे पकड़ा गया? इस सवाल का जवाब है कि जब खान मालिक 20 लाख की रिश्वत लेकर आया था। तब विधायक आवास पर बैसमेंट में विधायक ने कार में बैठकर रुपए गिने थे। रुपयों पर पहले से रंग लगे होने के कारण विधायक के हाथ रंगीन हो गए थे, जिससे एसीबी को रिश्वत लेना साबित करने में मदद मिली।

खान मालिक को धमकी-'15 मई तक बर्बाद कर दूंगा, महेश जोशी को भी मैंने फंसवाया'
जयकृष्ण पटेल ने बांसवाड़ा के बागीदौरा से पहली बार चुनाव जीता था। उसे विधायक बने सालभर भी नहीं हुआ। अब विधायक की बातचीत में धमकी देने वाला अंदाज़ सामने आया, जिसमें उसने खुद को शक्तिशाली बताकर खनन कारोबारी को डराया। 20 लाख की घूस के मामले में खान मालिक से रविंद सिंह कहा था कि 'मेरा वर्चस्व इतना है कि विधानसभा में सरकार भी चुप रहती है। तय राशि ढाई करोड़ रुपए पहुंचा दे, वरना 15 मई तक बर्बाद कर दूंगा। महेश जोशी को भी मैंने ही फंसवाया है।'

विधायक ने दी धमकी-'राशि नहीं मिली तो खान को बंद करवा दूंगा'
मीडिया की खबरों के अनुसार विधायक जयकृष्ण पटेल ने परिवादी रविंद्र सिंह को धमकी दी थी कि 'मुझे पता है कि तुम्हारी राजस्थान के करौली की सोप स्टोन की खान है, जिससे पत्थर विदेशों में सप्लाई हो रहे हैं। करोड़ों की टैक्स की चोरी कर रहे हो। सारी हेकड़ी निकाल दूंगा।
पढ़ें-बातचीत के कुछ अंश
विधायक-खनन को लेकर राजस्थान विधानसभा में प्रश्न लगाया है।
रविंद्र सिंह-हमने माइनिंग के नियमों के तहत ही साल 2020 में खान लीज पर ली है।
विधायक-मुझे पता है खान कैसे छुड़वाई जाती है। आकर मिल। नहीं तो बंद करवा दूंगा खान।
परिवादी-कहां मिलना है सर?
विधायक-मेरा भाई बता देगा। जयपुर के जगतपुरा में मिलेंगे। तुझे मैसेज भिजवाया। फिर भी रुपए देने में देरी कर रहे हो।
परिवादी-10 करोड़ मोटी रकम है। इतनी तो माइनिंग से कमाई ही नहीं हो रही।
विधायक-इससे कम रकम नहीं लेता। उन पांच कंपनी वालों से पूछ लेना क्या हाल किए हैं।

ढाई करोड़ में सौदा तय किया, फिर ऐसे फंसा एसीबी के जाल में
विधायक ने परिवादी से बातचीत में 10 करोड़ रुपए मांगे, मगर सौदा ढाई करोड़ रुपए में तय हुआ।
4 अप्रैल 2025: परिवादी ने एसीबी को शिकायत कर दी थी।
5 अप्रैल 2025: राजस्थान एसीबी डीजी रवि प्रकाश मेहरड़ा ने शिकायत का सत्यापन करवाया और विधायक व उससे जुड़े लोगों के मोबाइल सर्विलांस पर लिए।
15 अप्रैल 2025: परिवादी रविंद्र सिंह रिश्वत के एक लाख रुपए विधायक को देने के लिए बांसवाड़ा के बागीदौरा पहुंचा। विधायक ने रुपए ले लिए।
3 मई 2025: परिवादी रविंद्र सिंह के पास विधायक पटेल ने घूस के रुपए देने के लिए कॉल किया और रुपए लेकर अपने आवास पर जयपुर बुलाया।
4 मई 2025: परिवादी पैसे लेकर जयकृष्ण पटेल के जयपुर में मालवीय नगर स्थित एमएलए फ्लैट नंबर 804 पर पहुंचा और बोला कि वो पैसे विधायक को ही देगा। इस विधायक ने बैसमेंट के आवास में कार में बैठकर रुपए गिने। इसी दिन एसीबी ने विधायक को घूस लेने के आरोप में अरेस्ट कर लिया।
रुपए के बारे में इनसे भी पूछताछ
राजस्थान एसीबी ने 20 लाख की रिश्वत लेते विधायक जयकृष्ण पटेल को रंगे हाथ उसी समय पकड़ लिया था। फिर रुपयों के बारे में उनके चालक राजेश, गनमैन बलवीर, ऑफिस कर्मचारी मनोज व सोशल मीडिया मैनेजर रौनक से भी पूछताछ की।

कोर्ट पर फैसले से तय होगी विधायकी
20 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए जयकृष्ण पटेल की विधायकी रहेगी या जाएगी? यह कोर्ट के फैसले पर निर्भर करती है। मीडिया से बातचीत में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि विधायक जयकृष्ण पटेल के मामले में पहले कोर्ट के फैसले का इंतजार करेंगे। उसके बाद विधायक पर कोई निर्णय लिया जाएगा।

कभी खुद ने उठाई भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज
20 लाख रुपए की घूस लेते पकड़े गए जयकृष्ण पटेल वो विधायक हैं, जिन्होंने कभी खुद भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। राजस्थान विधानसभा 'बिना टेंडर के 65 करोड़ के काम का ठेका' की खबर की कटिंग लेकर पहुंचे और एसीबी से कमिशनखोरों को अरेस्ट करने की मांग की। बोले कि टीएडी खाधान घोटाले की जांच एसीबी से करवाई जाए। आदिवासियों के 1500 करोड़ रुपए का डबल इंजन सरकार से जवाब भी मांगा।












Click it and Unblock the Notifications