Rajasthan Rain: राजस्थान में भारी बारिश, धौलपुर में सेना बुलानी पड़ी, नाव में सवार होकर गांव पहुंचे कलेक्टर
राजस्थान में आसमान से बरसी आफत ने जनजीवन को पूरी तरह से थाम दिया है। बीते दो दिनों की मूसलाधार बारिश ने सड़कों को नदियों में तब्दील कर दिया, गांव टापू बन गए और हालात इतने बिगड़े कि धौलपुर में सेना को मैदान में उतरना पड़ा। 13 जिलों के स्कूलों में आज अवकाश घोषित करना पड़ा है।
सवाई माधोपुर में हाईवे बह गए, तो कोटा में कलेक्टर नाव से गांव पहुंचते दिखे। चंबल खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और राहत-बचाव के लिए प्रशासन व सेना की टीमें मोर्चा संभाले हुए हैं। सावन की रिमझिम अब कहर बन गई है।

जयपुर बना जलपुर
राजस्थान के सवाई माधोपुर, धौलपुर समेत हाड़ोती और शेखावाटी क्षेत्र के आस-पास के इलाकों में बुधवार सुबह से ही सावन की झड़ी लगी हुई है। गुरुवार दोपहर तक रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के कारण दो दिन से सूरज के दर्शन नहीं हुए हैं। राजधानी जयपुर तो जलपुर बन चुका है। जयपुर में जलभराव के कारण हालात बिगड़े हैं। कई इलाके जलमग्न हो गए हैं जिससे ट्रैफिक ठप हो गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग क्षतिग्रस्त
सवाई माधोपुर में मध्य प्रदेश से लगते इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यहां के खंडार इलाके में 9 इंच पानी बरसने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इसी तरह से धौलपुर में चंबल नदी खतरे के निशान से 9 मीटर ऊपर बह रही है। बचाव व राहत कार्य के लिए भारतीय सेना की एक यूनिट को धौलपुर बुलाया गया है।

सवाई माधोपुर में रिकॉर्डतोड़ बारिश
राजस्थान में बीते दो दिन से सवाई माधोपुर में रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई है। यहां के खंडार व मानसरोवर में 230-230 एमएम, सवाई माधोपुर में 213, मलारना डूंगर में 218, चौथ का बरवाड़ा में 185, बारां में 173, निवाई में 167 और शाहबाद में 159 एमएम पानी बरसा है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने 31 जुलाई 2025 की दोपहर के लिए अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं, चूरू , कोटा, शाहपुरा, टोंक व सीकर के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राजस्थान आपदा प्रबंधन विभाग जयपुर की ओर से नागरिकों को मोबाइल पर मैसेज करके अलर्ट किया जा रहा है।
कोटा का मदनपुरा गांव बना टापू
मध्य प्रदेश सीमा से सटे कोटा जिले में भी भारी बारिश हो रही है। कोटा के इटावा उपखंड का गांव मदनपुरा टापू बन गया है। कोटा जिला कलेक्टर व कोटा ग्रामीण एसपी राहत व बचाव टीमों के साथ नाव में सवार होकर गांव तक पहुंचे और वहां मोटरसाइकिल पर बैठकर गांव का दौरा किया।
धौलपुर के गांव में फंसे 20 लोगों को निकाला
मध्य प्रदेश व राजस्थान में भारी बारिश के कारण चंबल नदी उफान पर है। जलस्तर खतरे के निशान 130.79 मीटर से ऊपर चल रहा है। ऐसे में चंबल के आस-पास के गांवों को खाली करवाया जा रहा है। एसडीआरएफ की टीम ने धौलपुर के गांव भमरोली में बरसाती पानी में फंसे 20 लोगों को निकालकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया है। एडीआरएफ की टीमों ने धौलपुर समेत करौली व सवाई माधोपुर जिलों में चंबल किनारे के गांवों से कुल 98 लोगों को रेस्क्यू किया है।

सवाई माधोपुर: खंडार के 100 से ज्यादा घरों में घुसा पानी
बुधवार को हुई बारिश ने सबसे ज्यादा तबाही सवाई माधोपुर जिले के खंडार में मचाई है। यहां पर करीब 100 घरों में बरसाती पानी घुस गया। रेलवे स्टेशन पर भी जलमग्न हो गया। इसी तरह से टोंक जिले के निवाई में बरसाती पानी में यात्रियों से भरी बस फंस गई, जिसे जेसीबी की मदद से निकालना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications