कौन है यह चायवाला, जो पूर्व CM अशोक गहलोत को दे रहा ब्लैक डिफेंडर कार में चलने की सलाह, VIDEO वायरल
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बारे में एक खास बात पता चली है। वह यह है कि करीब डेढ़ दशक से अशोक गहलोत एक ही कार में सफर कर रहे हैं। लंबे समय से कार नहीं बदली है। इसका खुलासा उनके समर्थक चायवाले की वजह से अनूठे अंदाज में हुआ है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, अशोक गहलोत कार में सवार होकर जा रहे थे। रास्ते में कार रोककर अपने समर्थकों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक समर्थक उनसे ब्लैक कलर की डिफेंडर कार में चलने की अपील करने लगा। दोनों के बीच बेहद मजेदार संवाद हुआ, जो कुछ इस प्रकार से है।

गहलोत-समर्थक के बीच बातचीत
समर्थक-साहब! ब्लैक कलर की डिफेंडर गाड़ी ले लो अब।
गहलोत-डिफेंडर क्या होती है?
समर्थक- सर, डिफेंडर बढ़िया गाड़ी आती है। नेताओं को देखता हूं, जो साल में पांच बार गाड़ी चेंज करते हैं। आपको मैं 15 साल से देख रहा हूं। जहां भी आते-जाते हो। इसी नंबर की गाड़ी में होते हो।
गहलोत- गाड़ी अच्छी है यह।
समर्थक- सर गाड़ी अच्छी है, मगर मेरा दिल नहीं करता। आप मेरे प्रिय नेता हो। मैं चाहता हूं आप अच्छी गाड़ी लो।
गहलोत-अच्छी है यह गाड़ी बाबू।
समर्थक- यह अच्छी नहीं लगती है। यह गाड़ी ओल्ड हो गई है। ओल्ड फैशन में आ गई यह गाड़ी। इस बार चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बनो तो ब्लैक कलर की डिफेंडर गाड़ी में ही घूमना। मेरी शक्ल याद रख लो। मैं आपसे जरूर मिलूंगा।
गहलोत-आपका नाम क्या है?
समर्थक-मेरा शिम्भु दयाल सैनी है। खंडेला (महादेव सिंह खंडेला) का रहने वाला हूं।
गहलोत-ज्यादातर नेताओं के पास यही गाड़ी होती है। बहुत कम नेताओं के पास डिफेंडर कार होती है।
समर्थक-सर, मैंने इतने नेताओं को देख लिया। हर तीन महीने से गाड़ी चेंज करते हैं। गवर्नमेंट हॉस्टल के पास मेरी चाय की दुकान है। जब भी आपकी कार या काफिला जाता है तो मैं इस कार पर नजर जरूर मारता हूं। मैं हर बार यही सोचता हूं कि साहब ने अभी तक गाड़ी क्यों नहीं चेंज की।
गहलोत-मैं सीएम था तब भी मेरे पास यही गाड़ी थी।
समर्थक-हां सीएम से तब से इसी कार में सफर कर रहे हो, मगर अब चेंज कर लो साहब। आपसे हाथ जोड़कर विनती है। अबकी बार आपके पास ब्लैक कलर की डिफेंडर गाड़ी होनी चाहिए।
अशोक गहलोत तीन बार सीएम रहे
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत राजस्थान के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
- पहला कार्यकाल: 1 दिसंबर 1998 - 8 दिसंबर 2003
- दूसरा कार्यकाल: 13 दिसंबर 2008 - 13 दिसंबर 2013
- तीसरा कार्यकाल: 17 दिसंबर 2018 - 11 दिसंबर 2023
अशोक गहलोत के पास कौन सी कार है?
बता दें कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में अशोक गहलोत ने अपनी परंपरागत सीट जोधपुर के सरदारपुरा से चुनाव लड़ा और चुनाव शपथ के अनुसार अशोक गहलोत के पास खुद की कोई कार नहीं है। उन्होंने मोटर व्हीकल कॉलम में NIL लिखा है। गहलोत स्वयं के नाम कोई निजी वाहन नहीं रखते, लेकिन यह संभव है कि वह जिस कार का उपयोग कर रहे हैं, वह राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई हो। वहीं, यह भी जान लो कि गहलोत का समर्थन उनसे अगर लैंड रोवर डिफेंडर कार (ब्लैक कलर) लेने की बात कर रहा था उस कार की जयपुर में ऑन रोड कीमत करीब 1.08 करोड़ रुपए से शुरू होती है।












Click it and Unblock the Notifications