'जयपुर महाखेल' में बोले PM मोदी- राजस्थान की धरती तो युवाओं के जोश के लिए जानी जाती है
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा,''भारत के प्रस्ताव पर यूनाइटेड नेशंस वर्ष 2023 को इंटरनेशनल मिलेट ईयर के तौर पर मना रहा है। राजस्थान तो मिलेट्स यानी मोटे अनाजों की श्री अन्न की बेहद समृद्ध परंपरा का घर ही है।''

PM Narendra Modi Jaipur Mahakhel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'जयपुर महाखेल' के प्रतिभागियों को संबोधित किया। राजस्थान की राजधानी में जयपुर ग्रामीण से लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने 'जयपुर महाखेल' का आयोजन किया है। 'जयपुर महाखेल' (मेगा स्पोर्ट) इस साल कबड्डी प्रतियोगिता पर हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रतियोगियों को संबोधित करते हुए कहा, देश में शुरू हुआ खेल आयोजनों और खेल महाकुंभ का सिलसिला एक बड़े बदलाव का परिचायक है। खेल के मैदान से कभी कोई खिलाड़ी खाली हाथ नहीं लौटा है। आज के इस समारोह में कई ऐसे चेहरे मौजूद हैं जिन्होंने खेलों के क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है।''
पीएम मोदी ने कहा, ''राजस्थान की धरती तो अपने युवाओं के जोश और सामर्थ्य के लिए ही जानी जाती है। इतिहास गवाह है, इस वीर धरा की सन्तानें रणभूमि को भी अपने शौर्य से खेल का मैदान बना देती हैं। इसलिए अतीत से लेकर आज तक जब भी देश की रक्षा की बात आती है तो राजस्थान के युवा आगे खड़े होते हैं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''ओलंपिक जैसी बड़ी वैश्विक प्रतियोगिताओं में भी अब सरकार पूरी शक्ति से अपने खिलाड़ियों के साथ खड़ी रहती है। TOPS जैसी स्कीम के जरिए वर्षों पहले से खिलाड़ी ओलंपिक की तैयारी कर रहे हैं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''भारत के प्रस्ताव पर यूनाइटेड नेशंस वर्ष 2023 को इंटरनेशनल मिलेट ईयर के तौर पर मना रहा है। राजस्थान तो मिलेट्स यानी मोटे अनाजों की श्री अन्न की बेहद समृद्ध परंपरा का घर ही है। राजस्थान का श्री अन्न-बाजरा और श्री अन्न-ज्वार यहां की पहचान है।''
इस आयोजन से जयपुर के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस खेल आयोजन की वजह से युवा प्रेरित होंगे। पीएम मोदी ने ट्वीट के जरिए भी इस बारे में जानकरी दी है। पीएम मोदी ने 04 फरवरी को ट्वीट करते हुए कहा, ''कल 5 फरवरी को दोपहर 1 बजे अपने सहयोगी राज्यवर्धन राठौड़ जी द्वारा आयोजित जयपुर महाखेल में एक बहुत ही रोचक कार्यक्रम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करने जा रहा हूं। इस प्रयास से युवाओं में खेलों को प्रोत्साहन मिला है।''












Click it and Unblock the Notifications