Hanuman Beniwal नागौर MP राजस्थान पुलिस की हिरासत में, एक्स पर ट्रेंडिंग में 'हनुमान बेनीवाल को रिहा करो'
Hanuman Beniwal News: राजस्थान के नागौर सांसद व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल को राजस्थान पुलिस ने शुक्रवार को जयपुर में हिरासत में लिया है। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'हनुमान बेनीवाल को रिहा करो' कर रहा है। मामला राजस्थान में एसआई भर्ती से जुड़ा है।
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शुक्रवार को राजस्थान में एसआई भर्ती में धांधली के आरोपों को लेकर युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सिविल लाइंस कूच किया था। जयपुर में जालूपुरा स्थित अपने आवास से समर्थकों के साथ रवाना हुए बेनीवाल को जयपुर पुलिस ने कमिश्नरेट के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।

राजस्थान पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद बेनीवाल और उनके समर्थक सड़क पर धरने पर बैठ गए। ढोल नगाड़ों के साथ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने राजस्थान सरकार को चेताया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बेनीवाल सहित कई समर्थकों को हिरासत में लिया और उन्हें सांगानेर सदर थाने ले जाया गया। शाम को हनुमान बेनीवाल व 71 समर्थकों को छोड़ दिया।
सरकार नहीं मानी तो एक लाख युवा घेरेंगे जयपुर: बेनीवाल
मीडिया से बातचीत में हनुमान बेनीवाल ने स्पष्ट कहा कि यदि एसआई भर्ती को रद्द नहीं किया गया और आरपीएससी का पुनर्गठन नहीं हुआ, तो जल्द ही प्रदेशभर से एक लाख युवा जयपुर पहुंचकर शहर को जाम करेंगे। उन्होंने कहा कि रीट लेवल-1 और आरएएस भर्ती में भी अनियमितताओं की जांच होनी चाहिए।

एसआई भर्ती में 400 से ज्यादा फर्जी चयन: एसओजी रिपोर्ट का हवाला
बेनीवाल ने एसओजी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 400 से ज्यादा एसआई फर्जी तरीके से चयनित हुए हैं, लेकिन सरकार इस पर चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि सचिन पायलट कभी युवाओं के हक में पदयात्रा निकालते थे, लेकिन अब इस मुद्दे पर मौन हैं। वहीं, मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को लेकर उन्होंने कहा कि पद मिलते ही उन्होंने युवाओं की आवाज उठाना बंद कर दिया है।
धरना स्थल पर जुटे युवा, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हनुमान बेनीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थक और एसआई भर्ती के विरोध में आंदोलन कर रहे युवा फिर से शहीद स्मारक पर एकत्र हुए और धरना जारी रखा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक बेनीवाल को रिहा नहीं किया जाता और भर्ती रद्द करने का निर्णय नहीं आता, तब तक आंदोलन तेज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कौन हैं BJP MLA कंवरलाल मीणा? 20 साल पहले SDM पर तानी थी रिवॉल्वर, अब खतरे में है विधायकी












Click it and Unblock the Notifications