कौन हैं BJP MLA कंवरलाल मीणा? 20 साल पहले SDM पर तानी थी रिवॉल्वर, अब खतरे में है विधायकी
Kanwarlal Meena BJP MLA: राजस्थान की सियासत में बड़ा उलटफेर सामने आया है। बारां जिले की अंता विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक कंवरलाल मीणा को बड़ा झटका देते हुए राजस्थान हाईकोर्ट ने उनकी तीन साल की सजा को बरकरार रखा है। 20 साल पुराने आपराधिक मामले में हाईकोर्ट के फैसले के बाद अब कंवरलाल मीणा की विधानसभा सदस्यता पर संकट मंडरा रहा है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले लीली थॉमस बनाम भारत सरकार (2013) के अनुसार, किसी भी जनप्रतिनिधि को अगर दो साल या उससे अधिक की सजा होती है, तो उसकी सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाती है। ऐसे में कंवरलाल मीणा का विधायक बने रहना अब पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि क्या उन्हें ऊपरी अदालत से राहत मिलती है या नहीं।

क्या है विधायक कंवरलाल मीणा से जुड़ा सजा का मामला?
भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा से जुड़ा यह मामला साल 2005 का है। उस समय राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहरथाना इलाके में खताखेड़ी पंचायत उपसरपंच चुनाव को लेकर तनाव हुआ। आरोप है कि उस दौरान कंवरलाल मीणा ने एसडीएम रामनिवास मेहता को रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और पुनर्मतदान की मांग की।
मामला गंभीर था लेकिन निचली अदालत ने 2018 में उन्हें बरी कर दिया था। हालांकि साल 2020 में झालावाड़ की सत्र अदालत ने निचली अदालत का फैसला पलटते हुए कंवरलाल मीणा को दोषी करार दिया। अब हाईकोर्ट ने भी उनकी निगरानी याचिका खारिज कर सत्र अदालत की सजा को बरकरार रखा है।
कंवरलाल मीणा की सजा का विवरण
- धारा 3 (PDPP Act): 3 साल का कठोर कारावास + ₹10,000 जुर्माना
- धारा 506 (आपराधिक धमकी): 3 साल का कठोर कारावास + ₹10,000 जुर्माना
- धारा 353 (सरकारी काम में बाधा): 2 साल का कठोर कारावास + ₹5,000 जुर्माना
बीजेपी की चुप्पी और विपक्ष का हमला
इस घटनाक्रम पर बीजेपी नेतृत्व अब तक चुप है, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने इसे "कानून का सम्मान" बताते हुए मीणा से इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। आने वाले समय में राजस्थान विधानसभा में इस पर तीखी बहस की संभावना है। कहा जा रहा है कि अब कंवरलाल मीणा को अदालत में सरेंडर करना होगा। अगर सुप्रीम कोर्ट से उन्हें राहत नहीं मिली, तो न केवल उन्हें जेल जाना पड़ेगा बल्कि विधायक पद से भी हाथ धोना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराने की नौबत आ सकती है।
कंवरलाल मीणा ने कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया को हराया था
भाजपा नेता कंवरलाल मीणा 16वीं राजस्थान विधानसभा के सदस्य हैं। अंता विधानसभा क्षेत्र से पहले मनोहरथाना निर्वाचन क्षेत्र से साल 2013 से 2018 तक विधायक रहे। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में अंता विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार प्रमोद जैन को 5,861 मतों के अंतर से हराया था।
यह भी पढ़ें- गिरिजा व्यास: शिक्षिका से केंद्रीय मंत्री तक का सफर












Click it and Unblock the Notifications