VIDEO: पुल पर खड़े हो युवती कर रही थी फोन पर बात, अचानक लगा दी नदी में छलांग
चित्तौड़गढ़। राजस्थान में गम्भीरी नदी के पुल पर खड़ी युवती किसी से फोन पर बात करने के बाद आत्महत्या करने पानी में कूद गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे टोका और रोका, मगर फिर भी नहीं मानी। इसके बाद दो लोग उसे बचाने के लिए उसी के तुरंत बाद गम्भीरी नदी में कूद गए। मौके से इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग युवती को बचाते दिख रहे हैं।

क्या है वीडियो में? क्यों कूदी युवती?
संवाद सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर एक युवती चित्तौड़गढ़ में गम्भीरी नदी के पुल पर फोन के जरिए किसी से बात करते दिखी। वहां से गुजर रहे लोगों को वह संदिग्ध लगी। लोग उससे दूर तो रहे, लेकिन नजर उसी पर थी। फिर क्या युवती ने फोन पर बात खत्म की और झट से पुल की दीवार पर खड़ी हो गई।

'कोई पास आया तो वह सच में नदी में कूद जाएगी'
इसी बीच वहां मौजूद राशिद उर्फ कालू नाम के शख्स ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन युवती ने दूर रहने को कहा और धमकी दी कि कोई पास आया तो वह सच में नदी में कूद जाएगी।

..और फिर छलांग लगा दी
कालू ने उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की तो युवती ने नदी में छलांग लगा दी। कालू से उसका हाथ छूट गया तो एक पुलिस कर्मी ने भी युवती को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। दोनों ने नदी के अंदर से युवती को बाहर निकाला। युवती ने आत्महत्या का कदम क्यों उठाया, इसकी ठोस वजहें अभी पता नहीं चल पाई हैं।

नहाने आए लड़के डूबकर मरे थे
चित्तौड़गढ़ जिले में इसी नदी पर बने एक पोखरे में अप्रैल 2018 में दो सगे भाईयों समेत तीन लड़के डूब गए थे। वे लड़के स्नान करने गए थे और संभवत: एक-दूसरे को बचाने की कोशिश करते हुए डूब गए थे। मृतकों की पहचान दानिश(12) उसके बड़े भाई रियाज (15) एवं उनके रिश्तेदार नदीम (15) के रूप में की गई थी।

पुलिस ने नहाने पर भी रोक लगाई
वहीं, एक अन्य 12 वर्षीय युवक मोइन, ग्रामीणों द्वारा बचाया गया था। इस नदी में कूदने पर बचने की संभावना कम ही होती है, ऐसे में यहां पुलिस ने नहाने पर भी रोक लगाई हुई है।
ये भी पढ़ें: शराब के नशे में धुत सिपाही का हाइवोल्टेज ड्रामा, लोगों ने वीडियो बना यूपी पुलिस पर निकाली भड़ास












Click it and Unblock the Notifications