चपरासी की नौकरी के लिए मची होड़: PhD धारक भी मैदान में, 53 हजार पदों पर 18.50 लाख से ज़्यादा आवेदन
Rajasthan Peon Recruitment 2025: राजस्थान में चौंकाने वाला ट्रेंड सामने आया है। चपरासी (फोर्थ क्लास) पदों के लिए निकली भर्ती में 18 लाख 50 हजार से अधिक युवाओं ने आवेदन किया है-जबकि पद केवल 53,749 ही हैं। यानी हर एक सीट के लिए औसतन 35 दावेदार हैं। खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए न्यूनतम योग्यता जहां 10वीं पास है, वहीं कई पीएचडी धारकों ने भी इसके लिए फॉर्म भरा है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के सचिव डॉ. भागचंद बधाल ने जानकारी दी कि आवेदनकर्ताओं में बड़ी संख्या में ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और डॉक्टरेट डिग्री होल्डर्स शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया 19 अप्रैल तक जारी है, और अंदेशा है कि यह आंकड़ा 19 लाख को पार कर जाएगा-जो कि अब तक की सबसे बड़ी भर्ती बन सकती है।

साइट की तकनीकी दिक्कतें और डेडलाइन बढ़ाने की मांग
सोशल मीडिया पर अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि आवेदन की अंतिम तारीख को बढ़ाया जाए। उनका कहना है कि चयन बोर्ड की वेबसाइट पर तकनीकी समस्याएं आ रही हैं-खासकर ओटीपी जनरेट नहीं होने से कई लोग फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। युवाओं की मांग है कि अंतिम तारीख को कम से कम 7 दिन आगे बढ़ाया जाए।

सितंबर में ऑनलाइन मोड से परीक्षा
भजनलाल शर्मा सरकार के कार्यकाल की यह सबसे बड़ी भर्ती मानी जा रही है। कुल पदों में से 48,199 पोस्ट गैर-अनुसूचित क्षेत्र और 5,550 अनुसूचित क्षेत्र के लिए हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को फॉर्म में सुधार का मौका मिलेगा। परीक्षा 18 से 21 सितंबर के बीच आयोजित की जाएगी और यह कंप्यूटर या टैबलेट आधारित होगी। परीक्षा में दोगुना उम्मीदवारों को पास कर अगली प्रक्रिया-डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन-के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन उसी के आधार पर होगा।
यह भी पढ़ें- कौन हैं RAS टॉपर Mukta Rao, जो आर्किटेक्ट की मौत केस में फंसीं, शादी के 14 साल बाद हासिल की थी नंबर 1 रैंक












Click it and Unblock the Notifications