बैंक से कैश नहीं मिलने पर गवर्नर उर्जित पटेल पर केस ठोकने कोर्ट चले गए कांग्रेस एमएलए
बैंक में पैसा खत्म हो जाने के बाद लाइन में लगे कांग्रेस विधायक को जब कैश नहीं मिले तो अब आरबीआई गवर्नर पर केस दर्ज कराने के लिए वो कोर्ट पहुंंच गए हैं।
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में एक कांग्रेस विधायक, रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने से लोअर कोर्ट और उसके बाद डिस्ट्रिक्ट कोर्ट पहुंच गए। अब डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज 16 दिसंबर को मामले की सुनवाई करेंगे।

कांग्रेस विधायक की शिकायत क्या है?
कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह ने कोर्ट में याचिका डालकर कहा है कि लाइन में लगने के बावजूद जब उनकी बारी आई तो बैंक अधिकारी ने कहा कि पैसे खत्म हो चुके हैं।
विधायक का कहना है कि उनको बैंक से 24,000 रुपए निकालने का हक दिया गया है। वह सिर्फ 10,000 रुपए निकालने गए थे, वे भी नहीं मिल पाए जिससे उनके अधिकार का हनन हुआ है।

थाने में नहीं चली तो पहुंच गए लोअर कोर्ट
आरबीआई गवर्नर से खफा कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह पहले अपनी शिकायत लेकर भरतपुर में मथुरा गेट थाने में गए। वहां थानेदार ने नहीं सुनी तो लोअर कोर्ट चले गए और केस दर्ज करने के लिए याचिका डाल दी।
लोअर कोर्ट ने खारिज कर दी याचिका
लोअर कोर्ट ने गवर्नर उर्जित पटेल पर केस दर्ज करने की याचिका यह कहकर खारिज कर दी कि मामला केंद्र सरकार के कर्मचारी से जुड़ा है इसलिए पहले केंद्र की मंजूरी चाहिए। इस फैसले के खिलाफ कांग्रेस विधायक डिस्ट्रिक्ट कोर्ट पहुंच गए।
डिस्ट्रिक्ट कोर्ट करेगी 16 दिसंबर को सुनवाई
डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में कांग्रेस विधायक के वकील ने दलील दी है कि बैंककर्मी, केंद्र सरकार के कमर्चारी नहीं है।
कांग्रेस विधायक की याचिका पर डिस्ट्रिक्ट कोर्ट 16 दिसंबर को सुनवाई करेगी और यह फैसला करेगी कि आरबीआई गवर्नर उर्जित पटेल के खिलाफ केस दर्ज किया जाए या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications