खरगोन में बस हादसा, यात्री बस नर्मदा में गिरी, 15 की मौत, राजस्थान के सीएम गहलोत ने जताया दुख
जयपुर,18 जुलाई। सोमवार को मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में बड़ा हादसा हुआ, यहां खलघाट स्थित नर्मदा नदी में 40 यात्रियों से भरी बस गिर गई। बताया जा रहा है कि, यात्री बस इंदौर से महाराष्ट्र के लिए जा रही थी, तभी अचानक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए बस नर्मदा नदी में जा गिरी। इस हादसे में अभी तक 15 लोगों के मारे जाने की और कई लोगों के घायल होने की खबर है। हादसे की सूचना लगते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई, जहां ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है।

इस दुखद घटना पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और दिग्गज नेता सचिन पायलट ने गहरा शोक प्रकट किया है। सीएम गहलोत ने ट्वीट किया है कि 'मध्य प्रदेश के धार में नर्मदा नदी में एक बस के गिर जाने से कई लोगों की जान चली गई यह जानकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है, ईश्वर उन सभी को इस असहनीय दर्द सहन करने की हिम्मत दे। मैं ऊपरवाले से प्रार्थना करता हूं कि सभी लापता लोगों को बचाया जा सके।'
सचिन पायलट ने भी जताया दुख
तो वहीं सचिन पायलट ने ट्वीट किया है कि 'मध्यप्रदेश के धार क्षेत्र में एक बस के नर्मदा नदी में गिरने से हुए हादसे में कई लोगों की मृत्यु की खबर बेहद दुखद एवं हृदय विदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।'












Click it and Unblock the Notifications