Kerala CM Oath Ceremony: वीडी सतीशन ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, नई कैबिनेट में कौन-कौन शामिल?
Kerala CM Oath Ceremony: केरल की राजनीति में सोमवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के नेता वीडी सतीशन आज, 18 मई को केरलम के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली हैं। उनके साथ 20 मंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ ली
कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF करीब एक दशक बाद राज्य की सत्ता में वापसी कर रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

राजधानी तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में होने वाले इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई बड़े राष्ट्रीय नेता शामिल हुए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
विधानसभा चुनाव में UDF की बड़ी जीत
हाल ही में हुए केरल विधानसभा चुनाव में UDF ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 140 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं पिनराई विजयन के नेतृत्व वाला लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) सिर्फ 35 सीटों पर सिमट गया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 3 सीटें जीतकर राज्य में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इस भारी जीत के बाद कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर काफी चर्चा और लॉबिंग देखने को मिली। वीडी सतीशन के अलावा वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में थे। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने वीडी सतीशन पर भरोसा जताया।
दो दिनों की मैराथन बैठक के बाद तय हुए मंत्रियों के नाम
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को मंत्रियों की सूची सौंपने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीडी सतीशन ने कहा कि मंत्रिमंडल का गठन सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के 63 विधायकों में कई योग्य नेता थे जिन्हें जगह नहीं मिल पाई। लेकिन पार्टी को सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन भी देखना पड़ता है। कई दौर की बातचीत के बाद यह सूची तैयार की गई।" सतीशन ने यह भी कहा कि विभागों का बंटवारा लगभग तय हो चुका है और शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल की मंजूरी के बाद आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
Kerala Cabinet Ministers List 2026: कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को मिली जगह
नए मंत्रिमंडल में कांग्रेस के कई बड़े और अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन, एपी अनिल कुमार, केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ, पीसी विष्णुनाध और टी सिद्धीक जैसे नाम शामिल हैं। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक- रमेश चेन्निथला को गृह विभाग मिल सकता है।
के मुरलीधरन को स्वास्थ्य और मंदिर मामलों का विभाग दिए जाने की संभावना है। सनी जोसेफ को राजस्व विभाग मिल सकता है। रमेश चेन्निथला को संभावित गृह मंत्री मानने की अटकलें उस समय और तेज हो गईं जब राज्य पुलिस प्रमुख रवाड़ा चंद्रशेखर और एडीजीपी एच वेंकटेश ने उनके घर जाकर मुलाकात की।
सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर खास जोर
UDF सरकार के नए मंत्रिमंडल में सामाजिक प्रतिनिधित्व को विशेष महत्व दिया गया है।
मंत्रिमंडल में शामिल नेताओं में:
- 5 नेता नायर समुदाय से
- 3 नेता ओबीसी एझावा समुदाय से
- 2 नेता अनुसूचित जाति समुदाय से
- 2 नेता ईसाई समुदाय से हैं।
हालांकि कांग्रेस ने दो अनुसूचित जनजाति (ST) सीटें जीती थीं, लेकिन किसी भी आदिवासी विधायक को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली।
कैबिनेट में दो महिला मंत्री भी हो सकती हैं शामिल
नई सरकार में दो महिला चेहरों को भी मौका दिया गया है। कोल्लम से विधायक बनीं बिंदु कृष्णा और कोंगड से विधायक बनीं केए तुलसी दोनों पहली बार विधायक बनी हैं। बिंदु कृष्णा एझावा समुदाय से आती हैं जबकि केए तुलसी अनुसूचित जाति समुदाय का प्रतिनिधित्व करती हैं।
IUML को मिले 5 मंत्री पद
UDF की प्रमुख सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML), जिसने चुनाव में 22 सीटें जीतीं, को मंत्रिमंडल में 5 स्थान दिए गए हैं। IUML की ओर से जिन नेताओं को मंत्री बनाया जा रहा है उनमें शामिल हैं:
- पीके कुन्हालीकुट्टी
- पीके बशीर
- केएम शाजी
- एन शम्सुद्दीन
- वीई अब्दुल गफूर
इनमें कुन्हालीकुट्टी को छोड़कर बाकी सभी पहली बार मंत्री बनेंगे। IUML नेताओं के अनुसार क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए वीई अब्दुल गफूर ढाई साल तक मंत्री रहेंगे और उसके बाद उनकी जगह परक्कल अब्दुल्ला लेंगे. कांग्रेस ने अपने अन्य सहयोगी दलों को भी मंत्रिमंडल में जगह दे सकती है। इनमें शामिल हैं:
- मॉन्स जोसेफ (केरल कांग्रेस-जोसेफ)
- शिबू बेबी जॉन (RSP)
- सीपी जॉन (CMP)
- अनूप जैकब (केरल कांग्रेस-जैकब)
हालांकि केरल कांग्रेस (जोसेफ) ने 7 सीटें जीतकर दो मंत्री पदों की मांग की थी, लेकिन उसे एक मंत्रालय का पद दिया गया।
विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के नाम भी तय
UDF ने वरिष्ठ विधायक तिरुवंचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है। वहीं शानिमोल उस्मान को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। वीडी सतीशन ने यह भी साफ किया कि मंत्रिमंडल गठन में किसी गुट या वरिष्ठ नेता का दबाव नहीं था। उन्होंने कहा- किसी कांग्रेस नेता ने मंत्री पद के लिए मुझ पर दबाव नहीं डाला। यह पूरी तरह सामूहिक निर्णय है। मंत्रिमंडल पर किसी एक गुट की छाप नहीं है।
शपथ ग्रहण में शामिल होंगे कई बड़े नेता
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और CPI नेता बिनॉय विश्वम के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।














Click it and Unblock the Notifications