राजस्थान वाली 'सोनम' के बेटे ने खोला राज, बोला-'मम्मी ने पापा को मरवा दिया, काशी अंकल ने मुझे डांटा और...'
Alwar Murder Case: इंदौर की सोनम ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति राजा रघुवंशी की हत्या की थी, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। अब वैसी ही एक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात राजस्थान के अलवर में सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया - और इस बार चश्मदीद बना उनका 9 साल का मासूम बेटा, जो सब कुछ अपनी आंखों से देखता रहा, मगर कुछ कर नहीं सका। आखिर में राजस्थान की इस 'सोनम रघुवंशी' को सलाखों के पीछे पहुंचाने में वो नौ साल का बेटा गवाह बन गया।
पत्नी ने अपने प्रेमी और चार सुपारी किलर्स के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या करवा दी। इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला और दिल तोड़ने वाला पहलू यह है कि पूरी वारदात मृतक का 9 वर्षीय मासूम बेटा अपनी आंखों से देख रहा था। वह कमरे में मौजूद था, लेकिन डर के मारे कुछ नहीं कर सका। अब वही बच्चा इस केस का अहम गवाह बन गया है और जो कुछ उसने पुलिस को बताया, वह किसी को भी झकझोर कर रख देगा।

जब मम्मी ने दरवाजा खोला और काशी अंकल अंदर आए...
घटना 7 जून की रात की है। खेरली क्षेत्र के वीरू उर्फ मान सिंह जाटव की हत्या उनके ही घर में की गई। पत्नी अनीता ने अपने प्रेमी काशीराम प्रजापत के साथ मिलकर 2 लाख रुपये की सुपारी में चार युवकों को हायर किया था। योजना के अनुसार, अनीता ने घर का दरवाजा खुला छोड़ दिया और जैसे ही रात गहराई, काशी अपने साथियों के साथ बाइक से घर पहुंचा। सभी सीधे अंदर दाखिल हुए और वीरू पर चारपाई पर सोते हुए ही हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें- Anita Raj Kherli: इंदौर की सोनम से भी खतरनाक निकली राजस्थान की अनिता, 2 लाख में करवाया प्यार का खौफनाक अंत
'मैंने सब कुछ देखा, पर कुछ कर नहीं सका'
पुलिस को दिए बयान में मासूम बेटे ने बताया, "रात को पापा ने कहा कि बेटा मोबाइल चार्ज पर लगा देना। फिर वे सोने चले गए। मम्मी ने कहा- सो जा बेटा, सुबह उठना है। मैं सोने ही वाला था कि दरवाजे की आवाज सुनाई दी। मैंने देखा मम्मी ने गेट खोला और बाहर काशी अंकल खड़े थे, साथ में चार लोग और थे। मैं डर के मारे चुपचाप सब देखने लगा। वे अंदर आ गए और पापा की चारपाई से आवाज आने लगी। देखा कि पापा को उन्होंने पकड़ रखा था, मार रहे थे, गला दबा रहे थे। काशी अंकल ने तकिए से उनका मुंह दबा दिया।"

बच्चे ने आगे बताया, "मैं पापा के पास जाने लगा, तो काशी अंकल ने मुझे गोद में उठाकर डांटा और धमकाया। मैं चुप हो गया। कुछ मिनट बाद पापा मर गए। फिर सब चले गए।"
मम्मी ने ही पापा को मरवाया, अब वो बहुत बुरी लगती हैं
मासूम गवाह ने बताया कि जब पापा घर पर नहीं होते थे, तब काशी अंकल घर आते थे। उसे अब पापा की बहुत याद आती है और मां की तरफ देखना भी अच्छा नहीं लगता, क्योंकि उसी ने पापा को मरवाया है।

जनरल स्टोर और कचौरी के ठेले से शुरू हुआ प्रेम
बताया जा रहा है कि वीरू और अनीता की यह दूसरी शादी थी, जो लव मैरिज थी। अनीता खेरली में जनरल स्टोर चलाती थी, जबकि काशी प्रजापत वहीं पास में कचौरी का ठेला लगाता था। इसी दुकान से सामान लेने-लेने के बहाने दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और बाद में मामला अवैध संबंध तक जा पहुंचा।
जब वीरू को शक हुआ, तो दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। 2 लाख रुपये की सुपारी देकर काशी ने अपने साथियों के साथ वीरू की हत्या कर दी।

अगले दिन पत्नी ने रची ड्रामा, बेटे की गवाही से टूटा पर्दा
हत्या के अगले दिन अनीता ने दावा किया कि वीरू की अचानक तबीयत बिगड़ गई, लेकिन जब शव पर चोटों के निशान और टूटा हुआ दांत मिला, साथ ही बेटे की दिल दहला देने वाली गवाही सामने आई, तो पूरा मामला खुल गया।
मृतक के भाई गब्बर जाटव ने इस मामले की FIR दर्ज कराई। पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगाले। इसके बाद अनीता, काशीराम और बृजेश जाटव को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य सुपारी किलर्स की तलाश अभी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications