Anita Raj Kherli: इंदौर की सोनम से भी खतरनाक निकली राजस्थान की अनिता, 2 लाख में करवाया प्यार का खौफनाक अंत
Anita raj from Kherli, Rajasthan: इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि राजस्थान के अलवर जिले के खेड़ली कस्बे से एक और ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस तरह सोनम रघुवंशी ने अपने पति राजा की हत्या कथित प्रेमी के साथ मिलकर की थी, उसी तरह राजस्थान क खेड़ली में अनिता नाम की महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या आशिक और उसके साथियों से करवा दी। फर्क सिर्फ इतना है कि सोनम ने अपने कानूनी पति को मारा, जबकि अनिता ने उस शख्स को मरवाया, जिसके साथ वह पति को छोड़कर लिव-इन में रह रही थी।
यह वारदात 7 जून की रात अलवर के खेड़ली कस्बे में हुई, जहां वार्ड नंबर 19 स्थित एक घर में रहने वाले मानसिंह उर्फ वीरू जाटव की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। अगले दिन यानी 8 जून को मानसिंह का शव संदिग्ध हालत में मिला, जिसके बाद पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। अब पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए अनिता व उसके प्रेमी को अरेस्ट कर लिया है।

पहले पति को छोड़ा, फिर लिव-इन में रहने लगी
आरोपी अनिता राज भरतपुर के भुसावर क्षेत्र के सेंदली गांव की रहने वाली है। पहले उसकी शादी वहीं हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद वह अपने पति को लेकर खेड़ली आ गई। यहां आकर उसने सास-ससुर और अन्य परिजनों पर मुकदमा दर्ज करा दिया और अपने पति को छोड़ दिया। बाद में वह मानसिंह उर्फ वीरू जाटव के घर किराए पर रहने लगी। इसी दौरान दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। पति से दूरी बना चुकी अनिता अब वीरू के साथ रहने लगी। वीरू पहले से शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
कुछ सालों बाद अनिता के संबंध काशी नामक युवक से बन गए। यह रिश्ता वीरू को मंजूर नहीं था और कई बार उसने अनिता और काशी से मारपीट भी की। इसी रंजिश में अनिता ने अपने कथित प्रेमी काशी के साथ मिलकर वीरू की हत्या की साजिश रची। काशी ने 2 लाख रुपए की सुपारी में चार लोगों को बुलाया और 7 जून 2025 की रात शराब पार्टी के बहाने घर बुलाकर अनिता की मदद से वीरू का गला दबाकर उसे मार डाला।
प्लानिंग और एक्टिंग भी की
हत्या के बाद अनिता ने सबके सामने अंजान बनने की एक्टिंग की। उसने वीरू की पहली पत्नी के बेटे को फोन कर बताया कि तुम्हारे पिता की तबीयत खराब है। फिर वीरू को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। काशी भी अस्पताल पहुंचा और अफसोस जताने का नाटक करते हुए शव को जल्दी घर ले जाने की बात करने लगा। लेकिन मृतक के भाई को शक हुआ और उसने शव को ले जाने से मना कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स से खुली साजिश
खेड़ली थाना अधिकारी धीरेंद्र गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कॉल डिटेल्स खंगालने पर अनिता व काशी का लिंक मिला। पूछताछ में काशी ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने अनिता, काशी और उनके साथी बृजेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं।
लव, धोखा और मर्डर की कहानी
यह मामला भी इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा ही है, जिसमें उसकी पत्नी सोनम ने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा था। अब राजस्थान में भी अनिता नाम की महिला ने प्यार में अंधे होकर ऐसा ही खौफनाक खेल खेला। फर्क इतना है कि सोनम अपने पति की हत्यारी निकली, तो अनिता अपने प्रेमी के लिए लिव-इन पार्टनर की कातिल बन गई।












Click it and Unblock the Notifications