Udaipur Row: दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले पांच पुलिसकर्मियों को मिलेगा 'आउट ऑफ टर्म' प्रमोशन
जयपुर, 29 जून। उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल की निर्मम हत्या से पूरे देश में गुस्सा उबल रहा है तो वहीं इस मसले पर सीएम अशोक गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है, जो कुछ भी हुआ है वो मानवता के नाम पर कलंक है। सीएम ने कहा कि 'कन्हैयालाल की हत्या करने वालेदोनों आरोपियों को राजसमंद से गिरफ्तार किया गया है, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। साथ ही उन्होंने दोनों आरोपियों को अरेस्ट करने वाले पांच पुलिसकर्मियों को 'आउट ऑफ टर्म प्रमोशन' देने का ऐलान किया है।'

सीएम गहलोत ने ट्वीट किया है कि 'उदयपुर की घटना में शामिल आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी करने वाले पांच पुलिसकर्मियों श्री तेजपाल, श्री नरेन्द्र, श्री शौकत, श्री विकास एवं श्री गौतम को आउट ऑफ टर्म प्रमोशन देने का फैसला किया है।'
इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि 'ये घटना मामूली नहीं है, जब तक राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय स्तर पर लिंक ना हो तब तक ऐसी घटनाएं नहीं होती है, उनके क्या इरादे थे, उनके किससे लिंक थे राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय स्तर पर, इन सभी बातों का खुलासा होगा।'
हत्यारोपी गौस मोहम्मद और रियाज अरेस्ट
मालूम हो कि भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा के समर्थन में एक पोस्ट की वजह से राजस्थान के उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल की निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारोपी गौस मोहम्मद और रियाज कपड़े सिलाने के बहाने उनकी दुकान में घुसे थे। इस निर्मम हत्याकांड के बाद राजस्थान सरकार ने पूरे प्रदेश में एक महीने के लिए धारा 144 लागू कर दी है और इंटरनेट सेवाओं को 24 घंटे के लिए सस्पेंड कर दिया है। सरकार ने टेलर कन्हैयालाल के परिजनों को 31 लाख रुपए का मुआवजा देने का और परिवार को दो सदस्यों को नौकरी देने का भी ऐलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications