चंडीगढ़ में भाजपा मेयर बनाने की तैयार कर रही रणनीति, बबला दम्पति ने थामा BJP का दामन
नगर निगम में निवर्तमान विपक्ष के नेता कांग्रेस के उपाध्यक्ष शहर में दबंग नेता के रूप में पहचाने जाने वाले देवेंद्र सिंह बबला ने अपनी पत्नी नवनिर्वाचित पार्षद हरप्रीत कौर बबला के साथ भाजपा का दामन थाम लिया।
चंडीगढ़, 2 जनवरी 2022। नगर निगम चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद आम आदमी पार्टी बड़ी बनकर उभरी है, लेकिन चंडीगढ़ में मेयर बनाने की रेस में पांच सीटों से पीछे छूट गई। वहीं अब भारतीय जनता पार्टी मेयर बनाने के लिए रणनीति तैयार कर रही है। नगर निगम में निवर्तमान विपक्ष के नेता कांग्रेस के उपाध्यक्ष शहर में दबंग नेता के रूप में पहचाने जाने वाले देवेंद्र सिंह बबला ने अपनी पत्नी नवनिर्वाचित पार्षद हरप्रीत कौर बबला के साथ आज भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा कार्यालय कमलम में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। इस अवसर पर सांसद किरण खेर, भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन , पूर्व मेंयर रवि कांत शर्मा , पार्टी प्रवक्ता कैलाश चंद जैन सहित पदाधिकारी और अनेक पार्षद मौजूद रहे । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बबला दम्पति का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि बबला के आने से पार्टी मजबूत होगी और पार्टी को बल मिलेगा।

‘BJP किसी भी पार्टी के साथ गठजोड़ नहीं करेगी’
मुख्यमंत्री मनोहर लाला खट्टर ने कहा कि हरियाणा की राजधानी होने के नाते चंडीगढ़ के लोगों की नजर हरियाणा सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर रहती है, पार्टी की उपलब्धियों को देखते हुए लोग पार्टी की तरफ आकर्षित हो रहे हैं । उन्होंने कहा कि बबला दंपत्ति आज से पार्टी के कार्यकर्ता हो गए हैं उन्हें भाजपा कार्यकर्ता की तरह सम्मान मिलेगा। वहीं चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने भी बबला दंपति का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि देवेंद्र सिंह बबला औऱ हरप्रीत कौर बबला ने बिना किसी शर्त के भाजपा को समर्थन देते हुए भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली है। भाजपा का रुख हमेशा से स्पष्ट है कि भाजपा किसी भी पार्टी के साथ गठजोड़ नहीं करेगी। उन्होंने चंड़ीगढ़ के जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि वे चंडीगढ़ के विकास के लिये, चंडीगढ़ में स्थाई नगर निगम प्रशासन देने और चंडीगढ़ के हितों के लिए भाजपा को समर्थन दें। ताकि चंडीगढ़ और केंद्र सरकार में बेहतर तालमेल बैठाकर चंडीगढ़ के विकास के लिए कार्य किया जा सके।

'तुसां साड्डे वेहड़े आये तुहाड्डा स्वागत है'
शहर की सांसद किरण खेर ने भी बबला दंपति का स्वागत करते कहा कि उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। क्षमता के अनुरूप कार्य दिए जाएंगे । तुसां साड्डे वेहड़े आये तुहाड्डा स्वागत है। वहीं पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि बबला अपने आप में एक ब्रांड है हरप्रीत कौर बबला की जीत कांग्रेस पार्टी की जीत नहीं थी बल्कि बबला की अपनी जीत थी उन्होंने शहर के विकास को गति देने के लिए भाजपा को चुना है तथा पार्टी ज्वाइन की है उनके आने से पार्टी सुदृढ़ हो गई । इस मौक़े पर देवेंद्र सिंह बबला ने कहा कि वह बचपन में राष्ट्र स्वयंसेवक संघ की शाखा में जाते रहे हैं और आज उनकी ज्वॉइनिंग को घर वापसी कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वे भले ही कांग्रेस पार्टी में थे लेकिन उनका दिल कहीं और था, कांग्रेस में घुटन महसूस हो रही थी क्योंकि वहां परिवारवाद हावी हो गया है।

‘मेयर तो हम बनाएंगे ही पार्टी को मजबूत भी करेंगे’
देवेंद्र सिंह बबला ने आम आदमी पर निशाना साधते हुए कहा कि सबसे ज्यादा हॉर्स ट्रेडिंग आम आदमी पार्टी पार्टी द्वारा की जा रही है। आम आदमी पार्टी चंद महीनों में ही एक्सपोज होने वाली है । उन्होंने अन्य पार्षदों से भी आह्वान किया कि अगर शहर की बेहतरी चाहते हैं तो भाजपा के साथ जुड़ जाएं। उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा और भाजपा की विचारधारा मेल खाती है। मेयर तो हम बनाएंगे ही पार्टी को मजबूत भी करेंगे। वहीं हरप्रीत कौर बबला ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और नीतियों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी सदस्यता ली है। भाजपा शासित नगर निगम द्वारा शुरू किए गए सभी विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगी। उनके लिए शहर का विकास ही सर्वोपरि है।
ये भी पढ़ें: पंजाब में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका, सरकार की तरफ़ से नहीं उठाए जा रहे ठोस क़दम












Click it and Unblock the Notifications