PM मोदी की सुरक्षा में चूक: पंजाब BJP प्रमुख का बड़ा आरोप, 'CM चन्नी ही साजिश के कर्ताधर्ता हैं'
PM मोदी की सुरक्षा में चूक: पंजाब BJP प्रमुख का बड़ा आरोप, 'CM चन्नी ही साजिश के कर्ताधर्ता हैं'
चंडीगढ़, 06 जनवरी: पंजाब के हुसैनीवाला के पास एक सड़क पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप जारी है। गुरुवार (06 जनवरी) को पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर बड़ा आरोप लगाया है और सीएम द्वारा बनाई गई जांच कमेटी को खारिज किया है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा, ''हम मामले की जांच के लिए पंजाब सरकार द्वारा गठित कमेटी को खारिज करते हैं। मुख्यमंत्री (चरणजीत सिंह चन्नी) द्वारा बनाई गई यह कमेटी कभी कुछ पता नहीं लगा पाएगी क्योंकि वह खुद इस साजिश के कर्ताधर्ता हैं।''

'पंजाब के गृह मंत्री और डीजीपी को सस्पेंड किया जाए...'
पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा, मैंने राज्यपाल से पंजाब के गृह मंत्री और डीजीपी को सस्पेंड करने का अनुरोध किया है। पीएम की अगवानी के लिए प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। ये जांच का सवाल है कि आखिर पीएम मोदी किस रास्ते से कहां जा रहे हैं और कितने बजे वहां से गुजरेंगे, ये बात किसने लीक की?'
पीएम मोदी की फिरोजपुर यात्रा के दौरान सुरक्षा भंग को लेकर चंडीगढ़ में आज पंजाब भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा के नेतृत्व में राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात करने के लिए राजभवन पहुंच था।

पंजाब सरकार ने बनाई जांच कमेटी
पंजाब की चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार ने कहा है कि पंजाब सरकार ने पीएम मोदी के फिरोजपुर दौरे के दौरान हुई चूक की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है। समिति में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मेहताब सिंह गिल, प्रमुख सचिव (गृह मामलों) और न्यायमूर्ति अनुराग वर्मा शामिल होंगे और 3 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

15 से 20 मिनट सड़क पर फंसे रह गए थे पीएम मोदी
बता दें कि पीएम मोदी बुधवार (05 जनवरी) को पंजाब में एक रैली को संबोधित किए बिना लौट आए क्योंकि उनके काफिले को हुसैनीवाला के पास सड़क पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया था। पीएम मोदी इस सड़क पर 15 से 20 मिनट तक फंसे हुए रह गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक उस समय हुई जब वह मौसम खराब होने की वजह से सड़क मार्ग से बठिंडा से हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक जा रहे थे।

पंजाब के CM बोले- मैंने कोई गलती नहीं की है...
पीएम मोदी की फिरोजपुर यात्रा के दौरान सुरक्षा भंग होने के बाद पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने बुधवार शाम 6 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि ये सुरक्षा की चूक का मामला नहीं है लेकिन फिर भी पीएम की रैली नहीं हुई, उन्हे वापस जाना पड़ा, इसका खेद है।
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, ''मुझे गृह मंत्री का फोन आया था। उन्होंने मुझसे कहा कि पंजाब में कुछ गलत हो गया है और पीएम को वापस आना पड़ा रहा है। तो मैंने उनसे कहा कि मेरी तरफ से कोई गलती नहीं हुई है।''












Click it and Unblock the Notifications