कैप्टन अमरिंदर का सिद्धू पर बड़ा हमला, कहा- उसे सीएम नहीं बनने दूंगा, इमरान और बाजवा उसके दोस्त
चंडीगढ़, सितंबर 18। पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू पर बहुत बड़ा हमला बोला है। दरअसल, कैप्टन के इस्तीफे के बाद सिद्धू को ही पंजाब में सीएम बनाए जाने की अटकलें हैं और जब कैप्टन से ये सवाल किया गया कि अगर उनके बाद सिद्धू सीएम बनते हैं तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो वो इसका विरोध करेंगे, क्योंकि सिद्धू के तो पाकिस्तान से सीधे संबंध हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू अगर मुख्यमंत्री बने तो ये नेशनल सिक्योरिटी के लिए बहुत बड़ा खतरा होगा।

कैप्टन अमरिंदर सिंह के सिद्धू को लेकर दिए बयान की बड़ी बातें
- कैप्टन ने कहा कि पंजाब के सीएम का फैसला वैसे तो सोनिया जी को करना है, लेकिन अगर सिद्धू सीएम फेस होता है तो ये पंजाब के लिए विनाशकारी होगा। अगर सिद्धू सीएम बना तो मैं इसका विरोध करूंगा।
- सिद्धू कुछ भी नहीं संभाल सकता, मैं उसे अच्छी तरह से जानता हूं, जब वो केंद्रीय मंत्री था तो उस वक्त उसने एक फाइल तक नहीं खोली थी, तो जो एक मंत्रालय नहीं संभाल सका वो राज्य क्या संभालेगा। वो सीएम बना तो ये पंजाब के लिए काफी भयानक होगा।
- कैप्टन ने कहा कि सिद्धू के संबंध सीधा इमरान खान और जनरल बाजवा से हैं, जो रोज कश्मीर में हमारे जवानों को मरवाते हैं। इतना ही नहीं रोजाना बॉर्डर से ड्रोन यहां आ रहे हैं। कैप्टन ने कहा कि सिद्धू का लक्ष्य ही पंजाब का मुख्यमंत्री बनना था।
Recommended Video
नए सीएम पर सोनिया गांधी लेंगी फैसला
आपको बता दें कि पंजाब की सियासत में लंबे समय से खींचतान चल रही थी। सिद्धू और कैप्टन के बीच का झगड़ा किसी से नहीं छिपा था। हालांकि सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस हाईकमान ने ये संदेश देने की कोशिश की थी कि पार्टी में सबकुछ ठीक है, लेकिन आज कैप्टन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर ये बता दिया कि पार्टी में कुछ ठीक नहीं था। कैप्टन के इस्तीफे के बाद अब सिद्धू को ही सीएम बनाए जाने की अटकलें सबसे ज्यादा हैं। हालांकि नए सीएम पर फैसला सोनिया गांधी को लेना है।












Click it and Unblock the Notifications