पंजाब: SAD विधायक के घर इनकम टैक्स की रेड, सुखबीर बादल ने कहा दबाव डालना चाह रही केंद्र सरकार
पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जहां सियासी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। वहीं शिरोमणि अकाली दल की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
चंडीगढ़, 17 नवंबर 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जहां सियासी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। वहीं शिरोमणि अकाली दल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शिअद के वरिष्ठ नेता और लुधियाना के दाखां से विधायक मनप्रीत सिंह अयाली के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड पड़ी है। अयाली की पुश्तैनी जमीन और उनके द्वारा बनवाई कॉलोनियों और अपार्टमेंट के बाबत छापेमारी की जा रही है। सौ से भी ज़्यादा इनकम टैक्स अधिकारी छापेमारी कर रहे हैं और उनके ज़रूरी काग़जात, अकाउंट का लेखा जोखा खंगाल रहे हैं। छापेमारी के दौरान अयाली गांव में उनके पैतृक घर, राजनीतिक कार्यालय, फार्म हाउस, अपार्टमेंट और उनके ज़रिए डवलप रेजिडेंशियल कॉलोनियों के दफ्तर शामिल हैं।

100 से ज्यादा अधिकारी मौजूद
इनकम टैक्स अधिकारियों की तरफ से सन व्यू कालोनी के मालिक कें छह ठिकानों पर भी जांच की गई है। अयाली के घर हुई रेड में इनकम टैक्स के झारखंड, यूपी, दिल्ली और दूसरे राज्यों के तकरीबन 100 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। सीआरपीएफ के जवानों के साथ इनकम टैक्स की अलग-अलग टीमें मंगलवार सुबह अयाली के ठिकानों पर पहुंची और उनकी कार्रवाई देर रात तक चलती रही, जो सुबह भी जारी है। छापेमारी वाली जगहों पर किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं दी गई।

100 एकड़ से ज्यादा पुश्तैनी जमीन
आपको बता दें कि 100 एकड़ से ज्यादा पुश्तैनी जमीन मनप्रीत सिंह अयाली और उनके परिवार के पास है। रेजिडेंशियल कॉलोनियां बनवाने के साथ-साथ उनका परिवार लुधियाना शहर में बड़े पैमाने पर अपार्टमेंट भी बनवाता है। इनकम टैक्स के अधिकारी इन सभी काग़ज़ातों की जांच कर रहे हैं। अयाली के अलावा इनकम टैक्स की टीमें शहर की प्रमुख रेजिडेंशियल कॉलोनी 'सन व्यू' के 6 दफ्तरों में भी पहुंची और जांच शुरू की जो अभी जारी है। लुधियाना की सबसे पॉश कॉलोनी कही जाने वाली 'सन-व्यू' में लग्जरी विला, बंगले और अपार्टमेंट्स हैं। मुख्य दफ्तर फिरोजपुर रोड पर अयाली कलां गांव में भी विभाग की कार्रवाई दिनभर जारी रही।

किसानों के समर्थन में थे अयाली
सियासी गलियारों में यह चर्चाएं तेज़ हैं कि शिरोमणि अकाली दल के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली 15 नवंबर को किसानों से मुलाक़ात कर मदद कर के लौटे थे। शायद इसी वजह से केंद्र की भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों के ज़रिए अयाली पर दबाव डालने की कोशिश कर रही है। क्योंकि विधायक मनप्रीत सिंह अयाली केंद्र सरकार के कृषि कनूनों के खिलाफ़ आंदोलन कर रहे किसानों का समर्थन और लगातार मदद कर रहे हैं। अयाली और उनका परिवार प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने का काम करता है। उनके पास पुश्तैनी जमीन है और वह जमीन की खरीद-फरोख्त भी करते रहते हैं। इनकम टैक्स के अधिकारी इसी में हुए लेनदेन की जांच कर रहे हैं। ताकि अनियमितता पाए जाने पर शिअद विधायक पर दबाव डाला जा सके।

'छापेमारी कर दबाव डालना चाहती है केंद्र सरकार'
शिरोमणि अकाली दल के अधयक्ष सुखबीर सिंह बादल के मनप्रीत सिंह अयाली नजदीकी हैं। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर लुधियाना लोकसभा सीट से 2014 में चुनाव भीलड़ा था। उस वक़्त वह कांग्रेस नेता रवनीत सिंह बिट्टू से हार गए थे। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि मनप्रीत सिंह अयाली केंद्र सरकार के तीनों खेती कानूनों के खिलाफ जोरदार ढंग से आवाज उठाते रहे हैं। इसी वजह से उनके घर इनकम टैक्स की रेड हुई है। केद्र सरकार छापेमारी कर उन पर दबाव डालना चाहती है।
ये भी पढ़ें: अरुण सूद ने कांग्रेस और AAP को किया चैलेंज, सभी सीटों पर करेंगे जीत दर्ज, तैयार की ये रणनीति












Click it and Unblock the Notifications