पंजाब: पार्टी की मज़बूती के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग ने तैयार किया 3-D मॉडल, जानिए
पंजाब विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस ने कई राज्यों में संगठनात्मक बदलाव किए।
चंडीगढ़, 22 अप्रैल 2022। पंजाब विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस ने कई राज्यों में संगठनात्मक बदलाव किए। इसी कड़ी में पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा ले लिया गया। पार्टी के आला नेताओं के साथ रायशुमारी के बाद कांग्रेस कमेटी के युवा अध्यक्ष के तौर पर अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

युवा अध्यक्ष के तौर पर संभाला पदभार
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालने के साथ ही अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पार्टी की मजबूती के लिए 3-D डिसीप्लीन, डेडीकेशन और डायलॉग का मंत्र दिया है। राजा वड़िंग ने कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशू के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में शपथ ली और पदभार संभाला। इस अवसर पर राजा वड़िंग ने पार्टी में अनुशासन की जरूरत पर बल देते हुए कि यह सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण है, क्योंकि कोई भी संस्था चाहे वह राजनीतिक हो या फिर व्यापारिक हो, अनुशासन के बिना आगे नहीं बढ़ सकती।
Recommended Video

पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपील करते हुए कहा कि पार्टी के साथियों को पूरी तरह से समर्पण की भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपने मिशन में वह सबको साथ लेकर चलेंगे। सुनिश्चित करेंगे कि पार्टी के भीतर आपसी संवाद और विचार-विमर्श बना रहे, ताकि हर किसी की बात सुनी जा सके। राजा वड़िंग ने आपसी संवाद की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि कोई भी अकेला सब कुछ नहीं कर सकता और उसे टीम वर्क के साथ सबको साथ लेकर चलना चाहिए। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी का उन पर भरोसा जताने के लिए धन्यवाद किया।

'नेताओं और कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे'
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी ने पार्टी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर किया है। हम इनका कर्ज नहीं उतार सकते हैं। कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक दल ही नहीं बल्कि एक सोच है और यह भारत की सोच है, जिसने हमेशा चुनौतियों को पार किया है। इससे पहले कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद संबोधित करते हुए, भारत भूषण आशू ने उनको दी जिम्मेदारी के लिए हाईकमान का धन्यवाद किया और भरोसा दिया कि वह नेताओं और कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।

कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने की शिरकत
इस अवसर पर अन्य के अलावा, एआईसीसी महासचिव इंचार्ज हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा, विधायक दल के उप नेता डॉ राज कुमार चब्बेवाल, सांसदों में मनीष तिवारी, शमशेर सिंह दूलों, जसबीर सिंह डिंपा, गुरजीत औजला, सीनियर नेताओं में ब्रह्म मोहिंद्रा, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखभिंदर सिंह सरकारिया, सुखपाल सिंह खैहरा, नरेश पुरी, बावा हेनरी, हरदेव सिंह लाडी, बरिंदरमीत पाहड़ा, बलविंदर धालीवाल, बलबीर सिंह सिद्धू, कैप्टन संदीप संधू, पंजाब युवा कांग्रेस अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लों इत्यादि भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: पंजाब : क्या लांबा और विश्वास के खिलाफ दर्ज FIR होगी रद्द, जानिए क्यो तेज़ हुई चर्चा ?












Click it and Unblock the Notifications