पंजाब: राजनीतिक दलों के टारगेट पर क्यों हैं ऑटो चालक, जानिए क्या है पूरा मामला ?
सीएम चन्नी वीआईपी कल्चर को किनारा कर जनता से रूबरू हो रहे हैं उससे आम आदमी पार्टी की बनी बनाई इमेज पर पानी फिर रहा है।
चंडीगढ़, 23 नवम्बर 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के दिन जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं वैसे-वैसे सियासी पार्टियां अपनी चुनाव रणनीति तैयार कर जनता को लुभाने की पुरजोर कोशिश में लगी हुई है। वहीं इन सब से अलग पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपने अनोखें अंदाज से जनता के दिलों में लगातार घर करे रहे हैं। पहले ये कहा जाता था कि आम आदमी पार्टी ही आम आदमी के हित के लिए सोचती है, लेकिन जब से चरणजीत सिंह चन्नी ने सीएम पद की शपथ ली है तब से उन्होंने आम आदमी के लिए एक और विकल्प तैयार कर दिया है। जिस तरह से सीएम चन्नी वीआईपी कल्चर को किनारा कर जनता से रूबरू हो रहे हैं उससे आम आदमी पार्टी की बनी बनाई इमेज पर पानी फिर रहा है।

सियासी दलों के टारगेट पर ऑटो चालक
अब सभी सियासी दलों के टारगेट पर ऑटो चालक हैं, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी आज पंजाब में थे और वो भी लुधियाना में ही ऑटो पर सवार होकर ऑटो चालक दिलीप कुमार तिवारी के घर पहुंचे और वहां खाना खाया। इस दौरान केजरीवाल ने कई चुनाव वादे भी किए। उन्होंने कहा कि मैं जिस भी राज्य में चुनाव लड़ने जाता हूं पहले ऑटो टैक्सी वालों से बात करता हूं। उन्होंने ऐलान किया कि अगर किसी भी ऑटो टैक्सी ड्राइवर का एक्सीडेंट होगा तो उसका खर्चा सरकार देगी। आप सारे ऑटो टैक्सी वाले इकट्ठे हो जाओ तो आप किसी भी पार्टी को जिता सकते हो या हरा सकते हो। केजरीवाल ने ऑटों वालों से वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनेगी तो कॉरपोरेशन बनाएंगे जिसमें डिसीजन मेकिंग में ऑटो और टैक्सी वालों को रखा जाएगा।

CM चन्नी ने भी सुनीं समस्याएं
इससे पहले सीएम चन्नी ने ऑटो-रिक्शा चालकों के साथ चाय की चुस्की लेते हुए उन्हें भी सौगात दे दी। सीएम चन्नी ने कहा कि अपने शुरुआती दिनों में उन्होंने ऑटो-रिक्शा चलाया था। सीएम चन्नी ने ऐलान करते हुए कहा कि ऑटो चालक का उत्पीड़न रोकने के लिए उन्हें जल्द ही नए पंजीकरण प्रमाण पत्र जारी किए जायेगा। सीएम चन्नी ने यह भी घोषणा की कि लंबित सभी चालानों को माफ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही सीएम चन्नी ने ऑटो-रिक्शा मालिकों की विशेष रूप से ऑटो-रिक्शा चलाने के लिए एक पीली लाइन खींचने की मांग को भी कबूल कर लिया।

ऑटो चालकों से CM चन्नी ने की मुलाक़ात
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ मुख्यमंत्री ने ऑटो रिक्शा मालिकों के बीच बैठने और उनसे बातचीत करने के लिए लकड़ी की बेंच ली। सीएम चन्नी ने अपने बेबाक अंदाज में ऑटो-रिक्शा चालकों की तरफ़ से दी गई चाय का लुत्फ उठाया। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू, कैबिनेट मंत्री मनप्रीत बादल और भारत भूषण आशु, विधायक कुलदीप सिंह वैद, संजय तलवार और लखबीर सिंह लाखा, सीएम के विशेष प्रधान सचिव सहित कई लोग मौजूद रहे। दरअसल लुधियाना में अपनी सामान्य दिनचर्या की तरह ऑटो रिक्शा चालक गिल चौक पर ग्राहकों की प्रतीक्षा में बैठे थे, तभी उनके सामने सीएम चरणजीत सिंह चन्नी अचानक पहुंच गए और अनाज मंडी के रास्ते में ऑटो चालकों की परेशानी सुनने के लिए रुक गए। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के बयानों के बाद पंजाब में बदल सकते हैं सियासी समीकरण, अटकलों का बाज़ार गर्म












Click it and Unblock the Notifications