'पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी AAP', INDIA गठबंधन की बैठक से पहले केजरीवाल का बड़ा बयान
इंडिया अलायंस की अगली बैठक से पहले आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल के ऐलान ने विपक्षी दलों की टेंशन बढ़ा दी है। भटिंडा में एक रैली के दौरान अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की।
केजरीवाल ने अपने इस ऐलान से सीधा संदेश कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को दिया गया है। माना जा रहा है कि इससे कांग्रेस और आप के बीच एक बार फिर तकरार बढ़ सकती है।

जानकारी के लिए बता दें कि पंजाब से 13 लोकसभा सीटें आती हैं। इस राज्य में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीधी टक्कर है। पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने राज्य में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए भारी बहुमत से सरकार बनाई थी। अब पार्टी इसी आधार पर सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जो कांग्रेस को मंजूर नहीं है। बड़ी बात यह है कि इंडिया एलायंस की अगली बैठक 19 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली है।
केजरीवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की धरती से एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए साफ कहा है कि इन लोगों ने इतना भ्रष्टाचार किया है कि 10 चीजें 100 में बेच दीं। लेकिन, आज 10 रुपए की चीज 8 में मिलती है। बिजली का बिल शून्य हो गया है।
दिल्ली-पंजाब में कांग्रेस और आप आमने-सामने
अब पंजाब में आम आदमी पार्टी के ऐलान ने कांग्रेस की टेंशन बढ़ा दी है, दिल्ली में भी पार्टी कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने को तैयार नहीं है। वहीं, कांग्रेस ने भी सभी 7 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। ऐसे में दिल्ली और पंजाब दोनों जगह चल रहे विवाद से इंडिया गठबंधन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications