Uttarakhand में बारिश का तांडव! यमुनोत्री हाईवे 100 मीटर तक बहने से फंसे सैकड़ों यात्री, रेस्क्यू जारी
Uttarakhand Rain: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह बेहाल कर दिया है। पहाड़ों में हो रही लैंडस्लाइड की घटनाएं कई परिवारों के लिए मुसिबत बन कर टूट रही है।
शुक्रवार, 10 जुलाई को सुबह तक की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। यमुनोत्री और गंगोत्री नेशनल हाईवे पर भूस्खलन से चारधाम यात्रा भी प्रभावित हो रही है जिससे यात्री फंस गए हैं।

ऊपरी इलाकों में टूटे पहाड़ों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। वहीं निचले इलाके में गंगा के बढ़ते पानी ने बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है।
लैंडस्लाइड से चारधाम यात्रा प्रभावित, यमुनोत्री मार्ग पर फंसे यात्री
सबसे ज्यादा परेशानी उत्तरकाशी जिले में देखने को मिल रही है। शुक्रवार की सुबह स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर भूस्खलन हुआ। मिट्टी, बड़े-बड़े पत्थर और मलबे का ढेर से हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। माना जा रहा है कि अब तक लगभग 1000 यात्री इस मार्ग पर फंस गए हैं। कई घंटों से वे सड़क के बीच में ही अटके हुए हैं।
प्रशासन और लोकल टीमों ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण काम मुश्किल हो रहा है। लोग बस यही उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द से जल्द सड़क खुल जाए। गौरतलब है कि इसी जिले में नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे पर भी भूस्खलन हुआ था, लेकिन वहां मलबा साफ कर यातायात बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
टिहरी में फंसे कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर निकाला
टिहरी जिले की नई टिहरी में रहने वाले लोगों की नींद उड़ी हुई है। सी ब्लॉक टाइप-3 सरकारी आवासीय परिसर में लैंडस्लाइड का खतरा इतना बढ़ गया कि प्रशासन को तुरंत 3 परिवारों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करना पड़ा। लगातार बारिश से मिट्टी सरक रही है और घरों को बड़ा खतरा है। ऐसे वक्त में परिवारों की चिंता का अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग चट्टानों के गिरने से बंद हो गया है।
ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट डूबे
हरिद्वार में कई सड़कों पर 3-4 फीट तक पानी भर गया है। त्रिवेणी घाट पर गंगा का पानी तेजी से बढ़ रहा है और घाट का निचला हिस्सा पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें पानी घाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया दिख रहा है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में जहां लैंडस्लाइड बना हुआ है। वहीं निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है और राहत-बचाव टीमें तैयार रखी गई हैं।
लोगों से अपील: अगर आप उत्तराखंड में यात्रा पर हैं या चारधाम यात्रा कर रहे हैं तो कृपया बेवजह बाहर न निकलें। मौसम की लगातार जानकारी लेते रहें और प्रशासन की हिदायतों का पालन करें। फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीमें लगी हुई हैं।














Click it and Unblock the Notifications