AAP विधायक ने CM चन्नी को बताया एलान मंत्री, कहा-घोषणा कर रहे लेकिन ज़मीनी हक़ीक़त कुछ और है
पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी सियासी पार्टियां तैयारियों में जुटी हुई हैं । पंजाब में भारतीय जनता पार्टी सियासी ज़मीन मज़बूत करने में नाकाम साबित हो रही थी।
चंडीगढ़, 22 नवम्बर 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी सियासी पार्टियां तैयारियों में जुटी हुई हैं । पंजाब में भारतीय जनता पार्टी सियासी ज़मीन मज़बूत करने में नाकाम साबित हो रही थी। सभी पांच राज्यों में चुनाव के मद्देनज़र किसान आंदोलन की वजह से केंद्र की भाजपा सरकार की मुश्किलें दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही थी। इसी को देखते हुए पीएम मोदी ने कृषि कानूनों को वापस लेने का फ़ैसला किया है। पंजाब में आम आदमी पार्टी के चुनावी मुद्दे को सीएम चन्नी अमलीजामा पहनाने की पुरज़ोर कोशिश कर रहे हैं। इन्हीं सब मुद्दे पर वन इंडिया हिंदी ने आम आदमी पार्टी के विधायक कुलतार सिंह सांधवां से उनकी चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस तर्ज़ पर आम आदमी पार्टी चुनावी रण में उतरी है और सत्ता में आने पर पंजाब के लिए क्या रोड मैप है।

'लोकतंत्र में लोगों का यकीन बढ़ा'
आम आदमी पार्टी के विधायक कुलतार सिंह सांधवां ने पीएम मोदी के कृषि कानूनों को वापस लेने के फ़ैसले पर कहा कि जो पीएम मोदी ने फ़ैसला लिया था वह देश के लोगों के लिए नहीं था। उन्होंने कहा कि बिना सलाह मशवरा किए कानून बनाया गया था। पीएम मोदी को खुद नहीं पता था कि क्या कानून बनाया गया है। यह कानून कार्पोरेट घराने की तरफ़ से बनाया गया था, इस कानून से रोजाना कमाने खाने वाले लोगों की ज़िदगी नर्क हो जाती। यह बहुत ही गलत कानून था। किसानों की शहादतें और किसान आंदोलन की वजह से पीएम मोदी को इस कानून को वापस लेना पड़ा है। इस फ़ैसले से लोगों का लोकतंत्र में यकीन बढ़ा है यह एक फ़ायदा हुआ है।

'चन्नी एलान मंत्री हैं मुख्यमंत्री नहीं'
पंजाब के मुख्यमंत्री जिस तरह से फ़ैसले लेकर आम आदमी पार्टी के चुनावी मुद्दों को अमलीजामा पहनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर आप विधायक कुलतार सिंह सांधवा ने कहा कि सीएम चन्नी बड़ा ड्रामा कर रहे हैं। वह एलान मंत्री हैं मुख्यमंत्री नहीं हैं, सिर्फ़ ऐलान करते जा रहे हैं ज़मीन पर ऐसा कुछ भी नहीं है। टीचर्स स्ट्राइक पर हैं, डॉक्टर स्ट्राइक पर हैं औऱ नर्सेज़ स्ट्राइक पर हैं। बिजली कर्मचारियों को धरने पर बैठे 15 दिन हो गए, सीएम चन्नी सिर्फ़ ऐलान कर रहे हैं उस पर अमल नहीं कर रहे हैं। इससे लोगों में काफ़ी नाराज़गी है। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों पर कांग्रेस सरकार ने किसानों के वोट बटोरे थे उन मुद्दों पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है, क़र्ज़ माफ़ करने की बात कही थी लेकिन किसी का क़र्ज़ माफ़ नहीं हुआ। पंजाब सरकार ने मुआवज़ा देने का ऐलान किया है पर अभी तक मुअवज़ा नहीं मिला है।

'अपने वादे को पूरा नहीं कर सकी सरकार'
पंजाब सरकार के पांच सालों के कार्यकाल को किस तरह देखते हैं, इस सवाल के जवाब में विधायक कुलतार सिंह सांधवां ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने जिन मुद्दों पर वोट लिया था, वो मुद्दे और विकराल रूप लेकर बड़े हुए हैं। बेअदबी के मुद्दे पर वोट लिया था, इस मुद्दे पर अभी तक क्या इंसाफ़ मिला, जिसने कहा था कि नरेश यादव ने बेअदबी करवाई है उस आदमी के खाते में 50 लाख रूपये आए थे। सांधवां ने कहा कि नरेश यादव को फंसाया गया था उन्होंने बेअदबी नहीं करवाई थी । बम बलास्ट करवाया गया उसकी जांच नहीं करवाई गई। नशे के मुद्दे पर कुछ नहीं हुआ। पांच साल हो गए हाइकोर्ट में पड़े बंद लिफ़ाफे को खोला नहीं गया। घर-घर नौकरी देने का वादा किया था इस पर कोई कदम नहीं उठाया गया। पांच साल में सीवरेज सिस्टम तक सही नहीं करवा पाए। यह सरकार बिलकुल फेल सरकार है।

'जनता की हर मुमकिन मदद की'
आम आदमी पार्टी के विधायक के तौर अपने पांच साल के कार्यकाल को किस तरह से देखते हैं, इसे पर कुलतार सिंह सांधवा ने कहा कि विपक्ष के विधायक का यह फ़र्ज़ बनता है कि वह जनता के मुददे सरकार तक पहुंचाए। मैंने सरकार तक जनता के इतने ज्यादा सवाल पहुंचाए कि यह एक रिकॉर्ड बन गया है कि कोटकपुरा के विधायक अब तक के सभी विधायक से ज़्यादा जनता के मुद्दे पंजाब विधानसभा में उठाए हैं। कुलतार सिंह सांधवा ने बताया कि उन्होंने जनता के हितों के लिए धरना प्रदर्शन किया। कोरोना काल में जनता की हर मुमकिन मदद की जो एक विधायक को करना चाहिए। मैंने अपने लोगों से झगड़ा कर जनता के हितों के लिए काम किया है ताकि किसी ग़रीब इंसान को आर्थिक बोझ नहीं पड़े।

'दिल्ली की तर्ज़ पर होगा विकास'
कुलतार सिंह सांधवा ने कहा कि अगर पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में आती है तो सबसे पहले स्वास्थ्य, शिक्षा और रोज़गार के मुद्दे पर काम किया जाएगा। सरकारी महकमे मे काम करवाने के लिए जो आम आदमी को परेशानी उठानी पड़ती है उसे ठीक करवाया जाएगा। सरकार विभाग की कमियों को दूर की जाएगी। किसी भी काम को करवाने के लिए लोगों को चंडीगढ़ जाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी उनका काम उनके ही ज़िले में हो जाएगा। जिस तर्ज़ पर दिल्ली का विकास अरविंद केजरीवाल ने किया है उसी तर्ज़ पर पंजाब के हर हलके का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन संपर्क के दौरान यही सुनने को मिलता है कि सभी सियासी पार्टी को मौक़ा दे कर देख लिया अब इस बार आम आदमी पार्टी को मौक़ा देंगे।
ये भी पढ़ें: पंजाब: मोहाली से चुनाव लड़ सकती हैं अभिनेत्री सोनिया मान, लेकिन टिकट की दावेदारी पर फंसा पेंच, जानिए क्यों ?












Click it and Unblock the Notifications