FIR दर्ज होने के बाद बोले तेजस्वी- दम है तो गिरफ्तार करो, फांसी भी देना है तो दे दीजिए
पटना। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पटना के गांधी मैदान में शनिवार को सभा की थी। इस मामले में तेजस्वी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा सहित 18 नामजद और 500 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। मजिस्ट्रेट श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजीव दत्त वर्मा ने गांधी मैदान थाने में एफआईआर कराई है। आरोप है कि सभा के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। इस मामले में तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर बड़ा हमला करते हुए खुली चुनौती दी है। तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि दम है तो गिरफ्तार करो, नहीं तो इंतजार के बाद स्वयं गिरफ्तारी दूंगा।
Recommended Video

'किसानों के लिए FIR क्या, अगर फांसी भी देना है तो दे दीजिए'
तेजस्वी यादव ने रविवार को ट्वीट किया, 'डरपोक और बंधक मुख्यमंत्री की अगुवाई में चल रही बिहार की कायर और निक्कमी सरकार ने किसानों के पक्ष में आवाज उठाने के जुर्म में हम पर FIR दर्ज की है। दम है तो गिरफ्तार करो, अगर नहीं करोगे तो इंतजार बाद स्वयं गिरफ्तारी दूंगा। किसानों के लिए FIR क्या अगर फांसी भी देना है तो दे दीजिए।'
गांधी मैदान थाने में दर्ज करवाई गई एफआईआर
बता दें, मजिस्ट्रेट श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजीव दत्त वर्मा ने गांधी मैदान थाने में एफआईआर कराई है। उन्होंने बताया कि सभा के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। कोविड-19 को देखते हुए कहीं भी 100 व्यक्ति से अधिक लोगों के इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद गांधी मैदान में भीड़ जुटाई गई। तेजस्वी ने शनिवार को कहा था कि धनदाता और अन्नदाता की इस लड़ाई में हम अन्नदाता के साथ खड़े हैं। क्या किसानों के समर्थन में आवाज उठाना, उनकी आय दोगुनी करने के लिए नए कानूनों में अनिवार्य रूप से MSP की मांग करना, खेत-खलिहान को बचाने की लड़ाई करना अपराध है? अगर है तो हम यह अपराध बार-बार करेंगे?












Click it and Unblock the Notifications