पटना में एक और कारोबारी की हत्या: गोपाल खेमका के बाद अब बालू व्यवसायी रमाकांत यादव को मारी गई गोली
Ramakant Yadav Murder Patna Bihar: बिहार की राजधानी पटना के ग्रामीण इलाके में आज एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब बालू कारोबारी रमाकांत यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात रानीतलाब थाना क्षेत्र के धना गांव की है, जहां रमाकांत यादव रोजाना की तरह अपने घर के बाहर बगीचे में टहल रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी।
गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रमाकांत यादव की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं।

रानीतलाब थाना पुलिस के अनुसार रमाकांत यादव क्षेत्र के प्रभावशाली बालू व्यवसायियों में गिने जाते थे। प्रारंभिक जांच में किसी पुराने विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की ठोस वजह सामने नहीं आई है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस हत्या ने स्थानीय लोगों में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि रमाकांत यादव समाजसेवी भी थे और उनका किसी से सीधा टकराव नहीं था।
गौरतलब है कि पटना में बीते दिनों भी इसी तरह की एक वारदात हुई थी। 4 जुलाई की रात गांधी मैदान थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर गोपाल खेमका की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने संपत्ति विवाद की बात कही थी। लगातार हो रही व्यापारियों की हत्याओं ने राजधानी में अपराध पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब रमाकांत यादव केस को भी गंभीरता से लेकर हत्या की हर एंगल से जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications