बिहारः पटना में फटा कोरोना बम, एक ही इलाके में मिले 63 मरीज
पटना। बिहार में कोरोना के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। एक तरफ जहां प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 हजार के पार चली गई है। वहीं पटना में यह बीमारी तेजी से फैल रही है। बीते बुधवार को पटना में कोरोना के 86 नए मामले सामने आए हैं। इन नए आंकड़ों के साथ ही पटना में कोरोना मरीजों की संख्या 821 हो गई है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि पटना के इन 86 नए मामलों में 63 कोरोना पॉजिटिव केस पटना सिटी इलाके से मिले हैं।

पटना सिटी में मिले 63 कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि आरएमआरआई के सैंपल जांच में हुई है। ये सभी मरीज पटना के खाजेकला और चौक थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से मिले हैं। कोरोना पॉजिटिव मरीजों में एक वार्ड पार्षद भी शामिल है। इन सभी के पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि पटना के सिविल सर्जन ने भी की है।
बिहार में कोरोना संक्रमण से अब तक 73 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा मौत राजधानी पटना में हुई है, जिसकी संख्या 9 है। इसके अलावा दरभंगा और सारण जिले में 5-5, बेगूसराय, रोहतास और नालंदा में 4-4 लोगों की मौत हुई है। कोरोना ने गया, खगड़िया, जहानाबाद, नवादा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, समस्तीपुर और वैशाली में 3-3 लोगों की जिंदगी को खत्म किया है। जबकि भोजपुर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी और सीवान में 2-2 मरीजों की जान कोरोना से गई है।
बिहार के अररिया, अरवल, औरंगाबाद, भागलपुर, जमुई, कटिहार, मधेपुरा, मुंगेर, पश्चिमी चंपारण और शिवहर में 1-1 मरीज की मौत कोरोना से हुई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोरोना को देखते हुए अनलॉक-2 की प्रक्रिया 1 से 31 जुलाई तक शुरू करने की घोषणा की है। इसे सख्ती से पालन करने के लिए राज्य सरकार ने कई अहम निर्णय लिये हैं।
इसके तहत अगर किसी शॉपिंग मॉल, दुकान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान या वाहन (बस, टैक्सी, ऑटो समेत अन्य) में अगर कोई व्यक्ति बिना मास्क के दिखे, तो उसे बंद करने की कार्रवाई डीएम के स्तर से की जायेगी। सभी दुकानों और शॉपिंग मॉल व सार्वजनिक वाहनों में लोगों का मास्क पहनना अनिवार्य होगा।












Click it and Unblock the Notifications