बिहारः सोमवार को 105 नए मामलों के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 5 हजार के पार
पटना। बिहार में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। नए मामलों के साथ ही बिहार में मरीजों की संख्या 5 हजार के पार पहुंच गई है। बीते रविवार को कोरोना के 239 नए मामले सामने आए थे। वहीं सोमवार को 105 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन नए मामलों के साथ ही राज्य में अब मरीजों की संख्या 5175 हो गई है। इसके अलावा अभी तक 30 मरीजों की मौत हो चुकी है। हालांकि राहत देने वाली बात यह है कि कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।

प्रदेश में अभी तक 2405 मरीज स्वस्थ्य हो चुके हैं। राज्य के सभी 38 जिलों में कोरोना महामारी ने अपनी दस्तक दे दी है। बिहार में मिले कुल 105 नए मामलों में 19 मामले मधुबनी जिले से आए हैं। इसकी जानकारी बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने दी है। देश में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 7000 से अधिक गयी है। वहीं इस वायरस से अब तक तकरीबन 2 लाख 55 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं। बीते 24 घंटे में 9983 नये मामले सामने आ चुके हैं।
राजधानी पटना के अलग-अलग थाना क्षेत्र व पुलिस लाइन में तैनात बीमार या स्वास्थ्य संबंधित समस्या से जूझ रहे पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच होगी। इसके संबंध में सीनियर एसपी कार्यालय को चिट्ठी लिखी गयी है। वैसे पुलिसकर्मी जो कैंसर व किडनी जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं, उनकी भी जांच कराने का आदेश जारी किया गया है। तत्काल कोरोना की जांच कराने को कहा गया है। सोमवार से बीमार पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर जांच कराने का सिलसिला शुरू हो जायेगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जांच का आंकड़ा एक लाख (99108) के करीब पहुंच गया। तीन मई के बाद राज्य में आने वाले प्रवासियों में से 3615 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। वहीं होम क्वारंटाइन में रह रहे पांच लाख 37 हजार सात सौ 56 व्यक्तियों का सर्वेक्षण किया गया। इनमें 253 व्यक्तियों में बुखार, खांसी अथवा सांस लेने में तकलीफ की शिकायत मिली है।












Click it and Unblock the Notifications