पटना: ट्रैक्टर ने एक को रौंदा, आक्रोशित ग्रामीणों ने की आगजनी, काटा बवाल
Bihar news, पटना। बिहार के आरा में सोमवार सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आकर हुई एक अधेड़ की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर बवाल काटा। घटना से नाराज लोगों ने 5 घंटे तक घटनास्थल को जाम रखा और पुलिस के खिलाफ आगजनी करते हुए जमकर नारे लगाए। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही।

घटना आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के गांगी इलाके के गांगी पुल की है जहां सोमवार की सुबह पास के ही भलूहीपुर मुहल्ला निवासी 45 वर्षीय राजदेव यादव को सामने से आ रहे बालू लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त मृतक के साथ मौजूद उसके भाई दिनेश यादव ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ने की काफी कोशिश की लेकिन चालक ट्रैक्टर छोड़ मौके से भागने में कामयाब रहा।
घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने गांगी पुल को आगजनी कर आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम कर रहे लोग स्थानीय पुलिस पर ओवरलोडेड बालू लदे वाहनों से रिश्वत लेकर इलाके में परिचालन कराने का आरोप लगा रहे थे। आगजनी और जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने गुस्साए लोगों को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन आक्रोशित लोग मौके पर सदर एसडीओ को बुलाने और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग पर अड़े थे।
तकरीबन 5 घंटे तक चले जाम और हंगामे के बाद घटनास्थल पर आरा सदर सीओ पहुंचे और जल्द ही मुआवजे की राशि देने का आश्वासन देकर और तत्काल 1 लाख की सहायता राशि देकर जाम हटवाया। वहीं पुलिस बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त करते हुए ट्रैक्टर मालिक की शिनाख्त की कार्रवाई में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- मुंगेर में नक्सलियों ने प्रखंड प्रमुख के पति और भतीजे का किया अपहरण












Click it and Unblock the Notifications