जेपी विश्विद्यालय के एमए के सिलेबस से जेपी-लोहिया का नाम हटाने पर भड़के नीतीश कुमार, दिये तुरंत बदलाव के आदेश
नीतीश कुमार ने जेपी विश्वविद्यालय के एमए राजनीति विज्ञान के पाठ्यक्रम से जयप्रकाश नारायण और राम मनोहर लोहिया के अध्याय हटाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज की है।
पटना, 2 सितंबर। नीतीश कुमार ने जेपी विश्वविद्यालय के एमए राजनीति विज्ञान के पाठ्यक्रम से जयप्रकाश नारायण और राम मनोहर लोहिया के अध्याय हटाने और उसकी जगह पंडित दीनदयाल उपाध्याय, सुभाष चंद्र बोस और ज्योतिबा फुले के नाम शामिल करने पर कड़ी आपत्ति जताई है। राज्य के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने खुद इस बात की पुष्टि की है।

गुरुवार को उन्होंने मीडिया से कहा कि जैसे ही सीएम नीतिश कुमार ने अखबार में यह खबर पढ़ी, उन्होंने तुरंत इसे बदलने का निर्देश दिया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से बात की और इस बात की सहमति बनी है कि जल्द इसका निराकरण किया जायेगा उन्होंने राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों को सिलेबस में बदलाव करने से पहले शिक्षा अधिकारियों से परामर्श का भी आदेश दिया और कहा कि जनहित में भविष्य में ऐसे किसी भी कदम की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: यूपी सरकार के आदेश- सभी शिक्षकों, स्कूलकर्मियों को अपने परिवार समेत लगवानी होगी कोरोना वैक्सीन
शिक्षा मंत्री ने कहा कि अब शिक्षा विभाग को यह भी निर्देशित किया गया है कि राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों से भी पाठ्यक्रमों में पिछले दिनों में किए गए बदलाव की सूचना एकत्रित की जाएगी और अगर यदि किसी अन्य विश्वविद्यालय ने ऐसा किया है तो उसमें भी आवश्यक सुधार की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जन भावना एवं सरकार की प्राथमिकताओं के विरुद्ध विश्वविद्यालयों के विभिन्न विषयों के पाठ्यक्रम में किए गए बदलाव की इजाजत नहीं दी जा सकती है।
नीतीश कुमार और राजद के दिग्गज नेता लालू प्रसाद यादव दोनों जेपी नारायण की शिक्षाओं को अपने दिल के करीब रखते हैं। लालू प्रसाद यादव ने ही अपने कार्यकाल में इस विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। लालू ने खुद ट्वीट कर कहा कि आरएसएस समर्थित बिहार सरकार और आरएसएस की मानसिकता ने महान समाजवादी नेताओं के विचारों को हटा दिया।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'मैंने जयप्रकाश जी के नाम पर अपनी कर्मभूमि छपरा में 30 वर्ष पूर्व जेपी विश्वविद्यालय की स्थापना की थी।अब उसी यूनिवर्सिटी के सिलेबस से संघी बिहार सरकार तथा संघी मानसिकता के पदाधिकारी महान समाजवादी नेताओं जेपी-लोहिया के विचार हटा रहे है। यह बर्दाश्त से बाहर है। सरकार तुरंत संज्ञान लें।'












Click it and Unblock the Notifications