यूपी सरकार के आदेश- सभी शिक्षकों, स्कूलकर्मियों को अपने परिवार समेत लगवानी होगी कोरोना वैक्सीन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भी स्कूल खुल गए हैं। स्कूल खुलने के साथ ही राज्य सरकार ने वैक्सीनेशन ड्राइव में तेजी लाने की बात कही है। सरकार ने कहा है कि, स्कूलों को फिर से खोलने के बाद, सभी शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों को अपने परिवार के साथ अनिवार्य रूप से कोविड टीकाकरण से गुजरना होगा। यानी जो भी शिक्षक ड्यूटी पर लौट रहे हैं..उन्हें और उनके परिजनों को वैक्सीन लगवानी होगी। इस बारे में उत्तर प्रदेश शिक्षा निदेशालय (बेसिक) के संयुक्त शिक्षा निदेशक की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।

24 घंटे में 36 नए केस ही मिले
स्वास्थ्य विभाग ने भी कोरोना महामारी को लेकर कहा है कि, उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामले नियंत्रण में हैं और 22 करोड़ से ज्यादा आबादी वाले प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 36 नए केस ही मिले हैं। इसके अलावा 63 जिलों में बीते 24 घंटे में एक भी नया केस नहीं मिला है। वहीं, एक्टिव केसेस में भी गिरावट आ रही है। अब यूपी में एक्टिव केस 258 हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने प्रदेश में की जा रही कोरोना जांच को लेकर कहा कि, 24 घंटे में दो लाख लाख 22 हजार 210 कोविड सैम्पल की जांच की गई है। इसके साथ ही सूबे में अब तक सात करोड़ 27 लाख 49 हजार 298 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है।

36 नए मरीजों की पुष्टि हुई
कोविड पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो यह 0.01 बनी हुई है। वहीं, रिकवरी रेट बढ़कर 98.7% हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी बताया कि, प्रदेश में अब तक अब तक 16 लाख 86 हजार 287 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, बीते 24 घंटे में 36 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसी अवधि में 16 लोग इसके संक्रमण से उबरे भी हैं। इसके साथ ही संक्रमण की दूसरी लहर पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है।

अब जन-जीवन तेजी से सामान्य हो रहा
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने कहा कि, प्रदेश में अब जन-जीवन तेजी से सामान्य हो रहा है। एक्टिव केसों की संख्या के साथ ही मृत्यु दर में भी भारी कमी आई है।












Click it and Unblock the Notifications