क्या इस बार भी विक्ट्री परेड करने जा रही है RCB? पिछले साल जश्न के दौरान गई थी 11 लोगों की जान
IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। अहमदाबाद में मिली इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद पूरी दुनिया में फैंस जश्न मना रहे हैं। हालांकि, इस बार बेंगलुरु की सड़कों पर फैंस को अपने चैंपियनों का दीदार करने या कोई रोड शो देखने का मौका नहीं मिलेगा।
फ्रेंचाइजी ने इस साल शहर में कोई भी सार्वजनिक विजय जुलूस या बड़ा जश्न आयोजित न करने का फैसला लिया है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह पिछले साल की एक दर्दनाक घटना है। दरअसल, आरसीबी की पहली खिताबी जीत के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद सुरक्षा नियमों को बेहद कड़ा कर दिया गया है।

बेंगलुरु पुलिस की प्रतिक्रिया
बेंगलुरु पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सख्त हिदायत जारी की है। पुलिस कमिश्नर सीमंत कुमार सिंह ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़कों पर किसी भी तरह की आतिशबाजी या हुड़दंग की इजाजत नहीं होगी। प्रशासन ने प्रशंसकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ जुटाने के बजाय घरों के अंदर ही खुशियां मनाएं।
राजनीतिक घटनाक्रम भी अहम वजह
सुरक्षा के अलावा इस फैसले के पीछे शहर का राजनीतिक घटनाक्रम भी है। नवनियुक्त मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में होने जा रहा है। राज्यपाल निवास और स्टेडियम पास होने के कारण भारी पुलिस बल वहां तैनात रहेगा। इस वीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहता।
प्लेयर्स का शेड्यूल है व्यस्त
सार्वजनिक जश्न न होने का एक अन्य कारण खिलाड़ियों का बिजी शेड्यूल भी है। खिताबी जीत के तुरंत बाद कई दिग्गज खिलाड़ी अपनी राष्ट्रीय टीमों से जुड़ने के लिए रवाना हो रहे हैं। देवदत्त पडिक्कल अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल होंगे, जबकि जोश हेजलवुड और टिम डेविड जैसे विदेशी खिलाड़ी भी अपने देश के लिए रवाना हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications