मोदी की पटना रैली में बंट रही टी-शर्ट, खिचड़ी-चोखा, दाल-भात

भाजपा के विधायकों और पूर्व मंत्रियों के आवासों पर क्षेत्र से आने वाले कार्यकर्ताओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जा रही है। बिहार के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अश्विनी चौबे के आवास पर 15 हजार से ज्यादा लोगों के खाने का प्रबंध किया गया है। चौबे ने कहा, "बिहार की संस्कृति अतिथि देवो भव: की रही है, ऐसे में जो भी लोग रैली में शामिल होने आ रहे हैं उनके रहने और खाने का इंतजाम किया जा रहा है।" उनके आवास पर चार हजार लोगों के लिए खिचड़ी, चोखा और पापड़ का इंतजाम रहेगा, जबकि 15,000 से ज्यादा लोगों के लिए पूरी-सब्जी की तैयारी है।
उनके क्षेत्र से 100 से ज्यादा कार्यकर्ता रैली में भाग लेने के लिए फिलहाल पहुंच चुके हैं। वे अपने साथ चावल, आटा, सब्जी और सत्तू लेकर पहुंचे हैं।
पूर्व मंत्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के आवास पर एक बड़ा-सा टेंट लगा है। उनके आवास पर 40 हजार से ज्यादा लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनके आवास पर क्षेत्र की महिलाओं को ठहराने की व्यवस्था की जा रही है, जबकि आवास के आसपास के अन्य तीन-चार बंगलों में पुरुष सदस्यों को ठहराया जाएगा।
नेताओं के घरों पर कार्यकर्ताओं के लिये भव्य भोज
रक्सौल के विधायक अजय कुमार के आवास पर क्षेत्र से आने वालों के खाने के लिए चावल, दाल और सब्जी का इंतजाम किया जा रहा है। इसके अलावा भाजपा के सभी विधायकों और पूर्व मंत्रियों के आवासों पर भी आने वालों के लिए रहने और खाने का प्रबंध किया जा रहा है। जहां पर खाने की व्यवस्था की गई है वहां हलवाई अभी से अपने कारीगरों के साथ व्यवस्था में लग गए हैं।
गांधी मैदान में भी आने वालों को ठहराने की व्यवस्था की गई है। पटना नागरिक मंच ने पटना से रैली में भाग लेने आने वालों से चार-पांच पैकेट पूरी-सब्जी लाने की अपील की है। इसके लिए शहर में 15 भोजन पैकेट संग्रहण केन्द्र बनाए गए हैं। वहां राजधानी के लोग खाने का पैकेट जमा कर सकेंगे। एक पैकेट में 10 पूरी और सब्जी और अचार होगा। ये पैकेट रविवार के 11 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे और उसके बाद ये पैकेट बाहर से रैली में आने वालों के बीच वितरित कर दिए जाएंगे।
पटना नागरिक मंच के काउंटरों की जिम्मेवारी देख रहे नील रतन घोष के अनुसार इन केन्द्रों पर ढाई लाख चूड़ा-गुड़ के पैकेट, पानी और दातून भी उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि यहां आने वाले लोगों में सबसे ज्यादा भीड़ टीशर्ट लेने के लिये है। अब यह टीशर्ट नरेंद्र मोदी के लिये प्रेम है या फिर महज कपड़ा पा लेने की भूख, यह कहना मुश्किल है।












Click it and Unblock the Notifications