पटनाः पत्नी समेत दो मासूम बच्चों को युवक ने जिंदा जलाया फिर शव लेकर हो गया फरार
पटना। बिहार के पटना जिले के बाढ़ के सकसोहरा थाना के दल्लो चक में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी और दो दुधमुंहे बच्चे को जिंदा जला दिया। इस दौरान पत्नी रानी और बेटे अंकुश की मौत हो गई। जबकि दो वर्षीय बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ में भर्ती कराया गया है। मृतक अंकुश केवल 8 महीने का था। वहीं पूरी घटना की सूचना मृतक रानी के पिता राजो चौधरी को गांव के ही लोग ने फोन कर सूचना दी।

मृतका के पिता राजो चौधरी ने बताया कि जब बेटी के घर पहुंचे तो मिट्टी के तेल से पूरा घर महक रहा था। उनके एक नाती की मौत हो चुकी थी जबकि दूसरे नाती की सांस चल रही थी, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मृतका के पिता ने बताया की आरोपी दामाद मौली चौधरी ने बेटी को जिंदा जला कर शव अपने साथ ले कर फरार हो गया था। घर में दोनों बच्चे ही मिले, जिसमें एक की मौत हो चुकी थी।
बाढ़ में मिला रानी का शव
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पति अपनी मां के साथ मिलकर मृत पत्नी का शव लेकर फरार हो गया। इसके बाद भागने के दौरान बाढ़ थाना के शहरी पंचायत में रानी का शव फेंककर फरार हो गए। वहीं इस हृदय विदारक घटना के बाद अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार मची हुई थी। मृतक के भाई ने बताया की तीन वर्ष पूर्व बड़े धूमधाम से बहन की शादी की थी। घटना के एक दिन पहले भी फोन से बात हुई पर ऐसा होगा इस बात का अंदाजा नहीं था।
मायके वालों ने आरोप लगाया है कि रानी को मौली चौधरी और उसकी मां बराबर बहन को पीटते रहते थे। कभी अच्छा खाना नहीं बनाने के कारण तो कभी दहेज की मांग को लेकर पीटते थे। वहीं पूरे मामले को लेकर एएसपी अम्बरीष राहुल ने कहा इतनी गिरी हुई हरकत करने वाला मौली चौधरी और उसकी मां हर हाल में जल्द से जल्द गिरफ्तार होगी। उनके सभी रिश्तेदारी के घर पुलिस दबिश बना रही है। इस घटना से इलाके में दहशत के साथ ही मातम पसरा है।












Click it and Unblock the Notifications