पटनाः झोपड़ी में आग लगने से जिंदा जल गए 4 बच्चे, कोरोना के डर से माता-पिता कर गए थे बंद
पटना। बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन थाना क्षेत्र के अलौदिचक इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां खाना बनाने के दौरान आग लग गई और अगलगी की इस घटना में घर के चार बच्चे भी जल गए, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मरने वाले बच्चों में तीन लड़कियां और एक लड़का है। सभी सगे भाई-बहन थे। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय डॉली, 8 वर्षीय राखी, 6 वर्षीय आरती और 4 वर्षीय अंकित शामिल है। इनके माता-पिता मजदूर हैं और सबको घर के अंदर रहने की हिदायत देकर काम पर निकल गए थे। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस समेत बीडीओ और सीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि अलाउद्दीनचक गांव में झोपड़ीनुमा मकान में पासवान बिरादरी का एक परिवार रहता है। घर में तीन बेटी और एक बेटा था। गांव में कोरोना पांव पसार चुका है और कई लोग संक्रमित हैं। ऐसे में अपने बच्चों को कोरोना से बचाने के लिए खेत पर जाते समय माता-पिता ने बच्चों को झोपड़ीनुमा घर में बंद कर चले गये। इसके कुछ ही देर बाद झोपड़ी में आग लग गई।
आग की लपटों को देखकर जब तक गांव के लोग शोर मचाते मौके पर पहुंचे तब तक देर हो चुकी थी। चारों बच्चे झोपड़ी के अंदर झुलसकर दम तोड़ चुके थे। उनका चेहरा तक पहचान में नहीं आ रहा था। अगलगी की इस घटना में झोपड़ी में रखी संपत्ति भी जलकर नष्ट हो गई। ऐसे में जहां पीड़ित परिजनों की गोद सूनी हो गई है। वे खुले आसमान के नीचे आ गये हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुनपुन थाने की पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications