पहली बारिश में जलमग्न पटना को देखने निकले सीएम नीतीश, तेजस्वी ने भी दौरा कर सरकार को घेरा
पटना। बिहार में मानसून की वजह से गुरुवार को भारी बारिश होने के बाद पटना में भारी जलजमाव हो गया। कई क्षेत्रों में घरों में पानी घुस गया है। हालात का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार क्षेत्रों में निकले। लॉकडाउन के बाद मुख्यमंत्री का यह दूसरा दौरा रहा। विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने भी जलजमाव वाले इलाके का दौरा किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए सरकार को घेरा।

सीएम ने किया जलजमाव वाले क्षेत्रों का दौरा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को दिन में 11 बजे पटना नगर निगम के सात इलाकों का जायजा लेने निकले और करीब चार घंटे के इस दौरे में वे जिन क्षेत्रों में गए उन्हीं में पिछले साल बाढ़ जैसी स्थिति हो गई थी। लॉकडाउन के बाद सीएम आवास से न निकलने के लेकर विरोधियों के निशाने पर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चार दिन पहले ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर पुलों का उद्घाटन कर कहा था कि अब वे क्षेत्र में जाकर हालात को देखेंगे।

इसके बाद वे पहली बार गुरुवार को सीएम आवास से निकले थे और एयरपोर्ट पर जाकर भारत-चीन सीमा पर हिंसक झड़प में शहीद हुए बिहार के वीर जवानों को सलामी दी थी। इसके बाद वे शुक्रवार को जलजमाव का जायजा लेने बाहर निकले और अफसरों को स्थिति को संभालने के निर्देश दिए। इस दौर में मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, जल संसाधन मंत्री संजय झा, मुख्य सचिव दीपक कुमार समेत अन्य आलाधिकारी मौजूद रहे।

पिछले साल पटना में हुए थे बाढ़ जैसे हालात
2019 के सितंबर में भारी बारिश की वजह से पटना में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए थे और सड़कों पर नाव चलने लगे थे। लोगों को उनको घरों से बचाकर निकाला गया और बाढ़ के हालात के फोटो-वीडियो वायरल हुए थे। इससे नीतीश सरकार की काफी किरकिरी हुई थी। इसके बाद नीतीश सरकार ने जलजमाव से निपटने के लिए समितियों का गठन किया था। इस साल मानसून की पहली ही बारिश में पटना में फिर जलजमाव हो गया है जिसको संभालने में नीतीश सरकार लग गई है।

तेजस्वी ने भी किया दौरा और साधा निशाना
विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने भी ट्वीट कर लिखा कि पटना में सीएम आवास से चंद कदम दूर जलजमाव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। 15 वर्षों की नीतीश सरकार के कारनामों के कारण हर वर्ष जलजमाव होता है। यह सरकार कभी अपनी ग़लतियां स्वीकार नहीं करती और ना करेगी। सुशासनी लबादा ओढ़े सबसे भ्रष्ट सरकार को आम जनता इस बार उखाड़ फेंकेगी।












Click it and Unblock the Notifications