पटनाः कोरोना की जांच का इंतजार कर रही बुजुर्ग महिला की मौत, अस्पताल की लापरवाही आई सामने
पटना। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चाहती लेकिन पटना के आईजीआईएसएम में घोर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां कोरोना की जांच के लिए इंतजार कर रही एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। वृद्ध महिला के लक्षण को देख उसे कोरोना संदिग्ध माना जा रहा था। बता दें कि तीन दिन पहले ही अस्पताल के डॉक्टर ने कोरोना की जांच के लिए लिखा था, लेकिन अस्पताल प्रशासन महिला की जांच को टालता रहा।

शनिवार सुबह महिला ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में खूब हंगामा किया और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। मेडिसन वार्ड में भर्ती पालीगंज की रहने वाली 70 साल की ललिता देवी बुधवार से सांस की समस्या से जूझ रही थीं।
उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। इसके बाद चिकित्सक ने कोरोना जांच के लिए लिखा था। बुधवार से महिला के घरवाले उसकी स्थिति और कोरोना जांच में हो रही देरी को देखकर परेशान थे। इससे पहले भी इलाज के लिए आई महिला अस्पताल में जब बेहोश हो गई तो भर्ती होने के 36 घंटे बाद उसका इलाज शुरू किया गया।
मृतक महिला के स्वजन राज किशोर प्रसाद साधु ने बताया कि ललिता देवी को बुधवार की सुबह आठ बजे भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन ने मेडिसिन विभाग में भेज दिया। 24 घंटे तक कोरोना जांच की आस में ललिता पड़ी रहीं। निदेशक डॉ.एनआर विश्वास का कहना है कि कोरोना की जांच नहीं होगी। वहीं दूसरी तरफ बुधवार को अधीक्षक डॉ.मनीष मंडल का कहना था कि कोरोना की जांच होगी। इस तरह अस्पताल की लापरवाही ने महिला की जान ले ली ।












Click it and Unblock the Notifications