बिहार पंचायत चुनाव 2021: पहले चरण के नामांकन में महिलाओं की संख्या अधिक
पटना। बुधवार को बिहार पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए हो रही नामांकन प्रक्रिया खत्म हो गई। 2 सितंबर से जारी नामांकन प्रक्रिया में 10 जिलों के 12 प्रखंडों की 159 पंचायतों के अलग-अलग पदों के लिए नामांकन दाखिल किये गए। इस दौरान 15 हजार 328 नामांकन हुए, जिसमें से 7 हजार 235 पुरुष और 8 हजार 93 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। 6 पदों के लिए हो रहे चुनाव में सबसे अधिक 8 हजार 611 नामांकन 2233 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए हुए हैं। मुखिया के 151 पदों के लिए 1294 नामांकन दाखिल हुए। पंचायत समिति सदस्य के लिए 1205, जिला परिषद सदस्य 221, पंच के लिए 3225 और सरपंच के लिए 772 नामांकन दाखिल हुए हैं। सबसे अधिक 3542 नामांकन गया जिले में हुए हैं।

उसके बाद बांका जिले में 2203 नामांकन हुए हैं। बता दें कि पहले चरण का मतदान 24 सितंबर को होगा। इसके अलावा नामांकन पत्रों की जांच 11 सितंबर तक होगी। 13 सितंबर तक नामांकन पत्र वापस लिया जा सकता है। 13 सितंबर को ही सभी प्रत्याशियों को प्रतीक चिन्ह आवंटित किया जाएगा। पहले चरण में रोहतास जिले के दावथ व संझौली प्रखंड, कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड, गया जिले का बेलागंज व खिजरसराय प्रखंड में चुनाव होगा।
इसके अलावा नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड, औरंगाबाद के औरंगाबाद प्रखंड, जहानाबाद के काको प्रखंड, अरवल के सोनभद्र-बंशी-सूर्यपुर प्रखंड, मुंगेर के तारापुर प्रखंड, जमुई के सिकंदरा प्रखंड एवं बांका के धोरैया प्रखंड में चुनाव होगा। वहीं कोरोना के खतरे को देखते हुए इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन आवेदन करने की भी सुविधा दी है। इसके बाबजूद 1 फीसदी से भी कम उम्मीदवारों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। पहले चरण के 4,985 पदों के लिए महज 148 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया।












Click it and Unblock the Notifications