बिहारः पिछले 24 घंटे में सामने आए 8690 नए कोरोना संक्रमित, 27 मरीजों की हुई मौत
पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते रविवार को 8690 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 27 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई, जिनमें से 24 लोगों की मौत पटना में हुई है। वहीं चिंताजनक बात यह है कि प्रदेश का रिकवरी रेट तेजी से गिरता जा रहा है। अभी प्रदेश में रिकवरी रेट 85.67 प्रतिशत है। वहीं बीते एक अप्रैल को रिकवरी रेट 98.69 फीसदी थी, जो घट कर 18 अप्रैल को रिकवरी रेट 85.67 फीसदी हो गई है।

वहीं एक अप्रैल को प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या केवल 1907 थी लेकिन अभी बढ़ कर 44 हजार 700 हो गई है। यानी कि प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में 23 गुना वृद्धि हुई है। रविवार को पटना के अलग-अलग अस्पतालों में 24 संक्रमितों की मौत हुई, जिनमें 9 मौत पीएमसीएच, 8 मौत एनएमसीएच, 5 मौत पटना एम्स और दो मौत अन्य अस्पताल में हुई है। बीते रविवार को सबसे ज्यादा 2290 कोरोना संक्रमित पटना में मिले। इसके अलावा भागलपुर में 376, औरंगाबाद में 353, सीवान में 248 और बेगूसराय में 237 कोरोना संक्रमित मिले।
वहीं पिछले 24 घंटे में 100604 सैंपल की जांच की गई। हालात काबू से बाहर होने पर पटना में खासतौर पर आरटीपीसीआर जांच में तेजी लाने की कोशिश की जा रही है। सभी सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टॉप और एयरपोर्ट पर दो-दो टीम जांच के लिए तैनात की गई है। वहीं अस्पतालों में बेड की कमी के चलते ईएसआईसी बिहटा को भी कोविड स्पेशल बनाने की तैयारी में सरकार जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications